धर्मशाला उपचुनाव : CM जयराम इस दिन संभालेंगे प्रचार की कमान, शांता-धूमल भी भरेंगे कार्यकर्ताओं में जोश

Friday, Oct 04, 2019 - 09:51 PM (IST)

धर्मशाला (सौरभ): धर्मशाला उपचुनाव में अभी डोर-टू-डोर कैंपेन में जुटी भाजपा 10 अक्तूबर के बाद प्रचार में बड़े नेताओं को उतारेगी। पार्टी सूत्रों के अनुसार खुद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर 12 या 13 अक्तूबर को धर्मशाला पहुंचकर पार्टी के प्रचार की कमान संभालेंगे। महाराष्ट्र और हरियाणा में विधानसभा चुनावों के चलते भाजपा के राष्ट्रीय नेता उपचुनाव में प्रचार करने नहीं आएंगे, ऐसे में प्रचार का जिम्मा प्रादेशिक नेता ही संभालेंगे। भाजपा अगले सप्ताह धर्मशाला में एक बड़ी रैली का आयोजन भी करने जा रही है जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार, प्रेम कुमार धूमल, सांसद किशन कपूर और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सत्ती के अलावा सरकार के कई मंत्री और विधायक भाग लेंगे।

बड़ी रैलियों व कार्यक्रमों का आयोजन करेगी भाजपा

पार्टी द्वारा उपचुनाव के लिए तैयार रोड मैप के अनुसार अगले कुछ दिनों में धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र में बनाए चारों जोनों में महिला मोर्चा, भाजयुमो, पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ सहित अन्य फ्रंटल संगठनों के सम्मेलन भी आयोजित किए जाएंगे। भाजपा उपचुनाव के प्रभारी विपिन परमार ने बताया कि धर्मशाला उपचुनाव में भाजपा अगले सप्ताह से बड़ी रैलियों व कार्यक्रमों का आयोजन करेगी, जिसमें पार्टी के शीर्ष नेता भाग लेंगे। भाजपा विकास के नाम पर लोगों से समर्थन मांग रही है। पार्टी का डोर-टू-डोर प्रचार अभियान लगातार जारी है। 

कांग्रेस के प्रचार में उतरेंगे बाली, सुधीर पर संशय

वहीं उपचुनाव में कांग्रेस ने प्रचार में अपने सभी बड़े नेताओं को उतार दिया है। नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्रिहोत्री, राज्यसभा सांसद विप्लव ठाकुर, पूर्व सांसद सुरेश चंदेल सहित सभी पूर्व मंत्री, वर्तमान और पूर्व विधायक बूथ स्तर पर नुक्कड़ सभाओं के जरिए प्रचार कर रहे हैं। सूत्रों के अनुसार पूर्व मंत्री जीएस बाली भी अगले कुछ दिनों मेंं विदेश से लौटकर धर्मशाला में पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार करेंगे। बाली ने प्रचार में भाग लेने की पुष्टि की है। वहीं पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा भी अगले 4-5 दिनों में दिल्ली से धर्मशाला लौटेंगे लेकिन स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के चलते उनके प्रचार में भाग लेने पर संशय है। सुधीर शर्मा ने कहा कि डाक्टरों ने उन्हें घर पर ही आराम की सलाह दी है, ऐसे में वह घर से ही पार्टी के काम में जुटेंगे।

Vijay