CM जयराम ने साधा निशाना, बोले-कोरोना काल में भी अपनी पार्टी को लूट रहे कांग्रेसी

punjabkesari.in Sunday, Jun 14, 2020 - 07:12 PM (IST)

कुल्लू (शम्भू प्रकाश): कोरोना काल जैसी आपदा की घड़ी में भी कांग्रेसी अपनी ही पार्टी को लूटने में लगे हुए हैं। कांग्रेसियों ने मास्क, सैनिटाइजर व पीपीई किट्स के नाम पर अपनी ही पार्टी को 12 करोड़ रुपए का बिल थमा दिया है। यह बात मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने रविवार को बंजार मंडल भाजपा द्वारा आयोजित वर्चुअल रैली को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि सरकार ने बाहरी राज्यों में फंसे 2 लाख हिमाचल वासियों को प्रदेश में लाने के लिए लगभग 13 से 14 करोड़ रुपए का खर्चा किया है, वहीं कांग्रेस यह झूठ कह कर अपनी ही पार्टी को लूटने में लगी है कि उसने प्रदेश में मास्क, सैनिटाइजर व पीपीई किट्स बांटने में ही 12 करोड़ रुपए खर्च कर दिए।

प्रदेश सरकार ने नहीं किया कोई भी गलत काम, सिर उठाकर चलें कार्यकर्ता 

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने ऐसा कोई भी गलत कार्य नहीं किया है, जिससे भाजपा के कार्यकर्ताओं को सिर झुकाकर चलना पड़े। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को गर्व से यह बात कहनी चाहिए कि प्रदेश में भाजपा सरकार सत्तासीन है जोकि जन सेवा में दिन-रात तत्परता और निष्ठा से जुटी हुई है। कोरोना काल में सरकार जन-जन तक आवश्यक सेवाएं पहुंचाने में लगी रही। 5.70 लाख पैंशन धारकों को 3 महीने की बढ़ी हुई पैंशन प्रदेश सरकार द्वारा दी गई। वहीं जन-धन योजना के तहत 5.90 लाख  खाताधारकों को अप्रैल व मई माह में 500 रुपए उनके खाते में डाले गए। 8.74 लाख किसानों को किसान सम्मान निधि के तहत 2000 रुपए उनके खाते में जमा किए गए। आशा वर्करों को जून माह तक 1000 रुपए की प्रोत्साहन राशि दी गई।

नड्डा के कुशल नेतृत्व में सौंपे कार्यों को भाजपा संगठन ने बखूबी निभाया

मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना काल में होटलों के बिजली और पानी के बिल 6 महीने के लिए माफ करके सरकार ने इस वर्ग के साथ भी न्याय किया है। राष्ट्रीय भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के कुशल नेतृत्व में सौंपे गए पांच कर्णीय कार्यों को भाजपा संगठन द्वारा बखूबी निभाया गया है। सरकार ने प्रत्येक वर्ग का ध्यान रखते हुए कोरोना काल में कार्य किया है। उन्होंने लोगों से आग्रह करते हुए कहा कि किडनी, शूगर, फेफड़ों, टीबी व कैंसर के मरीज खास एहतियात बरतें व भीड़भाड़ वाले इलाकों में न जाएं। कोरोना वैश्विक महामारी ने मजदूर से लेकर उद्योगपति तक को प्रभावित किया है, जिससे उबरने के लिए केंद्र सरकार द्वारा 20 लाख करोड़ रुपए का आर्थिक पैकेज घोषित किया गया है।

बंजार में खर्च होंगे 100 करोड़ से अधिक

मुख्यमंत्री ने वर्चुअल रैली में बंजार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि इन पर 100 करोड़ रुपए खर्च होंगे, जिसमें साइरोपा के लिए 3 करोड़, गाड़ागुशैणी कालेज भवन निर्माण के लिए 8 करोड़, सैंज कालेज भवन निर्माण के लिए 6 करोड़ तथा प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना की 26 सड़कों के निर्माण कार्यों पर 100 करोड़ रुपए की राशि खर्च होगी, वहीं 12 करोड़ रुपए की अन्य योजना का भी उन्होंने जिक्र किया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News