CM जयराम बोले-एक देश-एक चुनाव समय की आवश्यकता

Saturday, Sep 22, 2018 - 09:59 PM (IST)

शिमला: मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि एक देश-एक चुनाव समय की आवश्यकता है। इसके लिए आवश्यक है कि लोकसभा और विधानसभा चुनाव को एक साथ करवाने पर सहमति बने। उन्होंने कहा कि हर समय चुनाव में उलझे रहने से विकास कार्यों पर असर पड़ता है, ऐसे में यदि इस दिशा में लक्ष्य निर्धारित कर लिया जाए तो देश इस दिशा में आगे बढ़ सकता है। मुख्यमंत्री हिमाचल प्रदेश विधानसभा में राष्ट्रमंडल संसदीय संघ भारतीय क्षेत्र-4 के पीठासीन अधिकारियों के सम्मेलन व कार्यशाला के अवसर पर संबोधित कर रहे थे।

नशे के खिलाफ कठोर कानून बनाने की आवश्यकता
नशे के खिलाफ प्रदेश सरकार की तरफ से उठाए गए पगों की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इसके लिए कठोर कानून बनाने की आवश्यकता है। हिमाचल प्रदेश इसके खिलाफ पड़ोसी राज्यों के साथ मिलकर जंग लड़ रहा है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के अलावा पंजाब, हरियाणा और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री इस मुद्दे को लेकर एक मंच पर आए हैं, जिसके लिए पंचकूला में सांझा सचिवालय बनाने का निर्णय लिया गया है। उत्तर प्रदेश सहित अन्य राज्यों को भी इस सांझा अभियान से जोडऩे का निर्णय लिया गया है, जिसमें मुख्यमंत्री के अलावा अधिकारियों के स्तर पर बैठकों का आयोजन होगा।

कई बार पुलिस प्रशासन की भूमिका भी चिंतनीय
इसी तरह स्कूली विद्यार्थियों की नियमित चिकित्सीय जांच प्रणाली विकसित करने पर विचार किया जा रहा है। उन्होंने माना कि नशे के कारोबार में कई बार पुलिस प्रशासन की भूमिका भी चिंतनीय रहती है। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ चलाए जाने वाले अभियान में राज्यपाल और जज भी सहयोग देने के लिए तैयार हैं। इस अभियान को अक्तूबर माह से शुरू किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश में स्वच्छता अभियान को भी चलाया गया है और सिक्किम के बाद हिमाचल प्रदेश खुले में शौचमुक्त होने वाला देश का दूसरा राज्य बन गया है।

पड़ोसी राज्यों से जुड़े नशे के तार
जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में नशे के कारोबार से जुड़े करीब 900 आरोपियों पर मामले दर्ज किए गए हैं। इनमें से एक-तिहाई से ऊपर लोग ऐसे हैं, जिनका संबंध दूसरे राज्यों विशेषकर पंजाब और हरियाणा से है। इसके लिए पड़ोसी राज्यों के साथ मिलकर सांझा अभियान चलाया जा रहा है ताकि नशे के कारोबार पर लगाम लग सके।

हिमाचल को मिले राष्ट्रीय ई-विधान अकादमी
मुख्यमंत्री ने धर्मशाला के तपोवन में राष्ट्रीय ई-विधान अकादमी (एन.ई.वी.ए.) शीघ्र स्थापित करने का लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन से आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि धौलाधार की गोद में बसा धर्मशाला एक खूबसूरत सैरगाह है और यहां पर अकादमी को स्थापित करना लाभदायक रहेगा।

Vijay