CM जयराम बोले-औपचारिकता के लिए नहीं मनाना चाहिए शहीदी दिवस

Thursday, Jul 26, 2018 - 09:45 PM (IST)

बिलासपुर (मुकेश): राज्य स्तरीय कारगिल विजय दिवस कार्यक्रम में भाग लेने के बाद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बिलासपुर में एक ईंट एक शहीद के नाम अभियान के अंतर्गत बनने वाले स्मारक का भूमि पूजन किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में एक ईंट शहीद के नाम से एक नई पहल बिलासपुर से शुरू हो रही है। इस पहल के तहत बिना सरकार के सहयोग के प्रदेश के शहीदों को सम्मान देने के लिए आधुनिक शहीद स्मारक बनाए जाने का काम शुरू हो रहा है। किसान भवन बिलासपुर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि मौसम खराब न होता तो यह ऐतिहासिक कार्यक्रम होता।


प्रदेश के जवानों ने देश की रक्षा के लिए अपने प्राण न्यौछावर किए
उन्होंने कहा कि प्रदेश मंत्रिमंडल के सभी सदस्य एक ईंट शहीद के नाम के लिए 11-11 हजार रुपए तथा विधायक 5100-5100 रुपए देंगे। उन्होंने कहा कि शहीदी दिवस को औपचारिकता के लिए नहीं मनाना चाहिए बल्कि इसके लिए भाव सही होना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश में जब कभी भी संकट आया तो प्रदेश के जवानों ने देश की रक्षा के लिए अपने प्राण न्यौछावर किए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पूरा विश्व इस समय वैश्विक नेता के रूप में देख रहा है। उन्होंने कहा कि वर्ष-2019 के चुनावों में भी सभी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का साथ देना होगा।


6 महीनों में केंद्र सरकार से मंजूर करवाए 6,000 करोड़ रुपए
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कुछ लोगों द्वारा उनके विरुद्ध की जा रहीं टिप्पणियों पर कहा कि नई जिम्मेदारी मिलने के बावजूद भी 6 महीने के अल्प कार्याकाल में केंद्र से विकास कार्यों के लिए 6,000 करोड़ रुपए मंजूर करवाए हैं। आज तक प्रदेश में रही कोई भी सरकार ऐसा नहीं कर पाई है। उन्होंने कहा कि भाखड़ा विस्थापितों की समस्या को देखते हुए पूर्व में बनी नीति में संशोधन किया जाएगा। इससे विस्थापितों को राहत मिलेगी।


विकास कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिलासपुर में विकास कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने सदर विधायक सुभाष ठाकुर की मांगों को अमलीजामा पहनाते हुए बिलासपुर में आधुनिक बस स्टैंड बनाने की घोषणा की तथा चीफ कंजरवेटर फायर एंड प्रोटैक्शन कार्यालय को दोबारा से बिलासपुर में चलाने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि इस कार्यालय को न जाने क्यों बिलासपुर से स्थानांतरित कर दिया था। उन्होंने कहा कि इसकी अधिसूचना आज ही जारी कर दी जाएगी।


बिलासपुर मेंं चलेंगी 5 नई बसें
उन्होंने बिलासपुर मेंं 5 नई बसें चलाने और अली खड्ड पर कृत्रिम झील बनाने की संभावनाएं तलाशने का आश्वासन भी दिया। इस अवसर पर युवा सेवाएं, खेल, परिवहन एवं वन मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर, भाजपा प्रदेश मुख्य प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक रणधीर शर्मा, पूर्व सांसद सुरेश चंदेल, सदर विधायक सुभाष ठाकुर, घुमारवीं के विधायक राजेंद्र गर्ग, झंडूता के विधायक जीत राम कटवाल व प्रदेश खादी बोर्ड के उपाध्यक्ष संजीव कटवाल भी मौजूद रहे।

Vijay