CM जयराम बोले-बेटियों को लेकर मानसिकता बदलना जरूरी

Friday, Jun 15, 2018 - 12:19 AM (IST)

शिमला: मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने वीरवार को मानवी संस्था की तरफ से बेटियों के सम्मान में आयोजित समारोह की अध्यक्षता करते हुए कहा कि बेटियों को लेकर मानसिकता बदलना जरूरी है। अभी सब ठीक नहीं हुआ है, काफी कुछ ठीक करना बाकी है। मेरी भी 2 बेटियां हैं। लोगों ने पहली बेटी के जन्म लेने पर बधाई दी। जब दूसरी बेटी हुई तो कहा बेटियां भी बेटों के बराबर हैं। दोनों बेटियां मेरे लिए बेटे के बराबर हंै लेकिन समाज की मानसिकता में अभी भी पूरी तरह से बदलाव नहीं है। सरकार इस दिशा में प्रयास कर सकती है लेकिन जब तक समाज की मानसिकता नहीं बदलती तब तक सरकार द्वारा चलाए गए प्रयासों को भी बल नहीं मिलेगा।


बेटियों को सम्मान देने के लिए कीं 2 घोषणाएं
उन्होंने कहा कि सरकार लोगों की मानसिकता बदलने के लिए भी प्रयास रही है और इसके लिए सामाजिक संगठनों को आगे आने की आवश्यकता है। उन्होंने इस अवसर पर बेटियों को सम्मान प्रदान करने के लिए 2 घोषणाएं कीं। पहली महिला सशक्तिकरण के लिए अलग से बोर्ड का गठन होगा ताकि बेटियां आगे बढ़ सकें। दूसरी प्रदेश में खोले जाने वाले 10 मुख्यमंत्री आदर्श विद्यालयों में से 5 केवल लड़कियों के लिए खोले जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के प्रयासों तथा लोक जागरूकता के कारण लिंगानुपात में सुधार हो रहा है।


शक्ति एप व गुडिय़ा हैल्पलाइन से होगा शिकायत निवारण
मुख्यमंत्री ने कहा कि शक्ति एप व गुडिय़ा हैल्पलाइन से मिलने वाली शिकायतों का निवारण होगा। उन्होंने पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में यह बात कही। उन्होंने एक प्रश्न के उत्तर में कहा कि यदि शक्ति एप से मिलने वाली कुछ शिकायतों पर अमल नहीं हो रहा है तो ऐसे मामलों को देखा जाएगा। उन्होंने कहा कि शक्ति एप व गुडिय़ा हैल्पलाइन को महिलाओं की मदद के लिए जारी किया गया है। मुख्यमंत्री शुक्रवार को मंडी जिला के जोगिंद्रनगर में जाएंगे। इसके बाद उनका पराशर मेले में भाग लेने का कार्यक्रम है। मुख्यमंत्री शनिवार को हमीरपुर जाएंगे तथा वहां पर कार्यक्रम में भाग लेने के बाद नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे।


रक्षा एवं विदेश मंत्रालय की मुखिया महिला
शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज ने कहा कि आज केंद्र में रक्षा एवं विदेश मंत्रालय की मुखिया महिला है जो नरेंद्र मोदी सरकार की देश में महिलाओं के सशक्तिकरण के प्रति वचनबद्धता को दर्शाता है। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डा. राजीव सहजल ने कहा कि लड़कियां आज हर क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन कर रही है परन्तु लिंगानुपात में गिरावट चिंता का विषय है। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के राष्ट्रीय संयोजक राजेंद्र फड़के ने भी इस दौरान संबोधित किया।


क्षितिज छूने वाली 24 बेटियां सम्मानित
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर सेना, पुलिस, खेल, गायन, पढ़ाई और फिल्म निर्माण के साथ अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली 24 बेटियाों को सम्मानित किया। बेटियां जहां सम्मान पाकर गदगद थीं तो वहीं मुख्यमंत्री भी इनकी तारीफ किए बिना नहीं रह सके। मुख्यमंत्री ने सम्मानित बेटियों को अपनी ऐच्छिक निधि से क्रमश: 21-21 हजार रुपए देने की घोषणा की और सबके पते व टैलीफोन नंबर भी मांगे ताकि विशेष अवसरों पर उनसे बात की जा सके।


इन बेटियों को मिला सम्मान
बेटी बचाओ अभियान के तहत पूर्व सांसद बिमला कश्यप सूद की संस्था की तरफ से आयोजित इस कार्यक्रम में सबसे पहले कुल्लू की बेटी लै. कनर्ल प्रतिभा जम्वाल को सम्मानित किया। वह इस समय नेवी में सेवाएं दे रही हैं और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर सागर की परिक्रमा करने पर उन्होंने देश और प्रदेश का नाम रोशन किया है।  कुल्लू में ड्रग माफिया और नशे के कारोबार के खिलाफ मोर्चा खोलने वाली जिला ऊना की बेटी आई.पी.एस. अधिकारी एवं एस.पी. कुल्लू शालिनी अग्रिहोत्री को भी मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया। इसी तरह ऊना से संबंध रखने वाली आई.पी.एस. अधिकारी आकृति शर्मा और मंडी की लै. आरुषी शर्मा को सम्मानित किया। 7 साल की आयु में प्रदेश स्तर की कराटे प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने के बाद राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित स्वास्तिका प्रिमटा ने सम्मानित होने पर सबका ध्यान अपनी तरफ आकर्षित किया। इसी तरह कथक नृत्य में नाम कमाने वाली जुड़वां बहनें रिया जग्गी और श्रेया जग्गी, अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर मॉडल डिस्पले में भाग ले चुकी झंडूता की दीपिका देवी, सुजानपुर से संबंध रखने वाली 12वीं की टॉपर अक्षिया ठाकुर, हिमाचल गौरव अवार्ड पाने वाली इंटरनैशनल स्कीइंग प्लेयर आंचल ठाकुर, लड़कियों को इंजीनियरिंग की पढ़ाई के लिए वित्तीय मदद उपलब्ध करवाने वाली अर्की की प्रतिभा कंवर, इंटरनैशनल राइफल शूटर जीना खिरटा, दिव्यांग छात्रा, हिंसा का शिकार हुई 12 साल की मुस्कान, विशेष ओलिम्पिक की खिलाड़ी, डी.एस.पी. पद तक पहुंची गीतांजलि ठाकुर, ऊना की कैप्टन तरुणा, गायन के क्षेत्र में नाम कमाने वाली दिव्यांग छात्रा, अंतर्राष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर की बॉक्सिंग चैंपियनशिप में कई स्वर्ण पदक जीतने वाली शशिकला नेगी, मेधावी छात्रा प्रितांजलि, फिल्म मेकर विदुषी महाशय, रुपाली शर्मा, अंतर्राष्ट्रीय स्तर कबड्डी और कलाकार प्रेमा देवी को सम्मानित किया गया।

Vijay