‘जनमंच’ ने बढ़ाई हिमाचल की शान, दूसरे राज्यों में भी बज रहा ढंका

Sunday, Oct 07, 2018 - 04:05 PM (IST)

मंडी (नीरज): जनमंच कार्यक्रम प्रदेश का नंबर एक कार्यक्रम बन गया है और लोगों की रेटिंग के आधार पर इस कार्यक्रम को पहला स्थान मिला है। यही नहीं, अब जनमंच कार्यक्रम को बाकी प्रदेश भी अपने राज्यों में शुरू करने पर विचार कर रहे हैं और इसकी पूरी जानकारी राज्य सरकार से ली जा रही है। यह बात सी.एम. जयराम ठाकुर ने मंडी जिला के सराज विधानसभा क्षेत्र के पंजाई में आयोजित जनमंच कायक्रम को संबोधित करते हुए कही। यह पहली बार था जब सी.एम. खुद जनमंच कार्यक्रम में शरीक हुए और जनता की समस्याओं को सुना। बता दें कि इस बार का जनमंच उनके गृहक्षेत्र में आयोजित किया गया था। उन्होंने कहा कि अब वह भी इस कार्यक्रम में आते रहेंगे और जनता की समस्याओं को सुनने का प्रयास करेंगे।

रेटिंग के आधार पर जनमंच सबसे लोकप्रिय
सी.एम. ने कहा कि प्रदेश सरकार ने जितने भी कार्यक्रम चला रखे हैं उनमें जनता की रेटिंग के आधार पर जनमंच सबसे लोकप्रिय साबित हुआ है। बाकी प्रदेश भी जनमंच को अपने प्रदेशों में शुरू करने पर विचार कर रहे हैं और सरकार से इस बारे में जानकारी ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनमंच कार्यक्रम प्रदेश में इससे पहले हुए इस प्रकार के कार्यक्रमों से अलग है क्योंकि यहां समस्याओं को सुना ही नहीं जाता उनका समाधान भी किया जाता है और मौके पर ही लोगों को लाभ दिए जाते हैं। उन्होंने कहा कि अभी तक प्रदेश भर में जनमंच के माध्यम से 10 हजार समस्याओं का मौके पर निपटारा हो चुका है। बची हुई समस्याओं को संबंधित विभाग और मंत्रियों को भेजा जाता है और 15 दिनों में उनका निपटारा सुनिश्चित किया गया है। जो जटिल समस्याएं होती हैं उनका समाधान सी.एम. ऑफिस से होता है।

ग्रामीण होने के नाते बखूबी समझते हैं गांव के लोगों का दर्द
मुख्यमंत्री ने कहा कि गांव के लोगों की क्या समस्या होती है उसे वह एक ग्रामीण होने के नाते बखूबी समझते हैं और उन्हीं समस्याओं के समाधान के लिए जनमंच को शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि जनमंच में घोषणाओं पर पूरी तरह से पाबंदी लगाई गई है और इसमें सिर्फ समस्याओं को सुनने का ही प्रावधान रखा गया है। उन्होंने कहा कि मंत्रियों के संबोधन के लिए भी सिर्फ 15 मिनट का समय निर्धारित है ताकि अधिक समय समस्याओं को सुनने के लिए दिया जा सके।

जनमंच में आईं एक हजार समस्याएं, अधिकतर का मौके पर निपटारा
जनमंच कार्यक्रम के दौरान एक हजार समस्याएं पहुंचीं थीं, जिनमें से अधिकतर का मौके पर ही संबंधित विभागों के माध्यम से निपटारा किया गया। सी.एम. ने खुद व्यक्तिगत तौर पर अधिकतर समस्याओं को सुना और उनका समाधान किया। सी.एम. के साथ उनकी धर्मपत्नी डा. साधना ठाकुर, द्रंग के विधायक जवाहर ठाकुर और बल्ह के विधायक इंद्र सिंह गांधी सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी और पार्टी पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

Vijay