सी.एस. जयराम बोले, हिसाब देने लगे तो पूर्व सरकार की कई चीजें आएंगी सामने

Saturday, Feb 03, 2018 - 02:08 AM (IST)

ज्वाली: कांग्रेस द्वारा प्रदेश के वर्तमान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की सरकार के एक महीने में हुए कार्यों के हिसाब लेने की बातों को लेकर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कांग्रेस के नेताओं को कहा है कि प्रदेश की वर्तमान सरकार यदि एक महीने के कार्यों का हिसाब देने लगी तो पूर्व की सरकार की कई चीजें निकल कर सामने आएंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार बदले की भावना से परे होकर कार्य कर रही है। यह बात उन्होंने राज्य स्तरीय वैटलैंड दिवस की अध्यक्षता करते हुए ज्वाली में कही। 

5 साल अदालतों के चक्कर ही काटते रहे पूर्व मुख्यमंत्री
उन्होंने पूर्व की कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि पूर्व की कांग्रेस सरकार के मुख्यमंत्री विकास करने की बजाय पूरे 5 साल अदालतों के चक्कर ही काटते रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व की प्रदेश सरकार ने 5 साल सोते-सोते बिता दिए लेकिन वर्तमान की प्रदेश सरकार सोने वाली सरकार नहीं है। इस सरकार के मंत्री से लेकर विधायक अनुभवी हैं और जनता की सेवा के लिए कार्य में जुटे हुए हैं। 

कैस चल रही थी पूर्व की सरकार अब मिली जानकारी
उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि पूर्व की प्रदेश सरकार किस प्रकार चल रही थी, इसका किसी को कुछ पता नहीं है। पूर्व सरकार टायर्ड व रिटायर्ड अफसरों के साथ कैसे प्रदेश को चला रही थी, इसकी जानकारी अब मिल रही है क्योंकि अब अधिकारी बता रहे हैं कि पूर्व की सरकार द्वारा रखे टायर्ड व रिटायर्ड अधिकारी कोई भी काम नहीं करते थे। उन्होंने कहा कि केंद्र की सरकार द्वारा प्रदेश सरकार को करोड़ों के हिसाब से पैसा दिया गया लेकिन जो पैसा जमीन पर लगना था, वह प्रदेश की सरकार ने लगाया ही नहीं। उन्होंने कहा कि अब केंद्र से जो भी धन आएगा, उसका एक-एक पैसा प्रदेश के विकास में लगाया जाएगा। 

पूर्व सरकार ने राज्य पर छोड़ा 46,500 करोड़ रुपए का कर्ज 
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के व्यक्तित्व की चर्चा करते हुए कहा कि मोदी विश्व के कद्दावर व बहुचर्चित नेता हैं और वे विश्वभर में प्रसिद्ध हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने वृद्धजनों को सम्मान देते हुए 1250 रुपए प्रति माह प्रदान करने के लिए बिना किसी आय सीमा के सामाजिक सुरक्षा पैंशन की आयु सीमा को 80 से घटाकर 70 वर्ष किया है। उन्होंने कहा कि पूर्व सरकार ने राज्य पर 46,500 करोड़ रुपए का कर्ज छोड़ा है। 

गुड़िया मामले में शीघ्र मिलेगा न्याय 
उन्होंने गुड़िया बलात्कार व हत्या मामले में एक साक्षी की पुलिस हिरासत में मौत के संदर्भ में भी कांग्रेस शासन के दौरान दयनीय कानून व्यवस्था की निंदा की। उन्होंने कहा कि हालांकि दोषियों को बचाने के प्रयास किए गए लेकिन उन्हें विश्वास है कि गुडिय़ा मामले में शीघ्र न्याय मिलेगा। वहीं उन्होंने गुडिय़ा व होशियार हैल्पलाइन के जिक्र के साथ-साथ राज्य सरकार की महिलाओं की सुरक्षा के लिए ‘शक्ति बटन’ ऐप के बारे में भी जानकारी दी। इस अवसर पर विभिन्न व्यक्तियों तथा संगठनों द्वारा मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए मुख्यमंत्री को 5.70 लाख रुपए की राशि भेंट की गई।

हिमाचली टोपी के रंगों में भेदभाव करती रही कांग्रेस
मुख्यमंत्री ने शाहपुर में शुक्रवार सायं जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस प्रदेश में हिमाचली टोपी के रंगों में भेदभाव करती रही है, लेकिन वह रंगों की परवाह किए बिना हिमाचली टोपी पहनते हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार के शासन में ऊपरी व निचले हिमाचल के बीच किसी भी तरह का भेदभाव नहीं किया जाएगा, क्योंकि उनके लिए हिमाचल एक है। इस दौरान स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री विपिन सिंह परमार, उद्योग मंत्री बिक्रम सिंह ठाकुर, विधायक रविंद्र धीमान, अर्जुन सिंह, रीता धीमान, अतिरिक्त मुख्य सचिव मनीषा नंदा, सदस्य सचिव विज्ञान तथा प्रौद्योगिकी कुनाल सत्यार्थी, प्रधान मुख्य अरण्यपाल संजीव पांडे तथा आर.सी. कंग सहित अन्य गण्यमान्य उपस्थित रहे।