CM जयराम का पलटवार, बोले-कसौली गोलीकांड के लिए कांग्रेस जिम्मेदार

Tuesday, May 08, 2018 - 06:36 PM (IST)

शिमला: मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कसौली में सहायक नगर नियोजन अधिकारी शैल बाला की मौत के लिए पूर्व कांग्रेस सरकार को जिम्मेदार बताया है। शिमला में विद्युत बोर्ड के तकनीकी कर्मचारियों के स्थापना दिवस समारोह के दौरान मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस सरकार के इशारे पर कसौली में अवैध निर्माण करवाया गया। इस पर नैशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल और सुप्रीम कोर्ट को संज्ञान लेकर अवैध निर्माण तोडऩे के आदेश जारी करने पड़े। कोर्ट के आदेशों की अनुपालना करते हुए महिला अधिकारी को मौत के घाट उतार दिया जाता है। यदि कांग्रेस अवैध निर्माण की मंजूरी न देती तो यह घटना भी न होती।


कांग्रेस की सरकार में सरेआम घूमने वाले सभी दोषी सलाखों के पीछे
उन्होंने पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस की सरकार में दोषी सरेआम घूमा करते थे लेकिन उनकी सरकार में सभी दोषी सलाखों के पीछे हैं। कानून अपना काम कर रहा है। दोषियों के साथ सख्ती से निपटा जा रहा है। उन्होंने दावा किया है कि पूरे प्रदेश में कानून व्यवस्था पहले से बेहतर है। हालांकि इन दिनों कुछ ऐसी दुर्भाग्यपूर्ण घटनाएं पेश आई हैं जो नहीं होनी चाहिए थीं। उन्होंने लॉ-एंड ऑर्डर को लेकर कांग्रेस को शौर न मचाने की नसीहत दी है।


किसी भी सूरत में अपराधियों को नहीं बख्शेगी सरकार
बता दें कि बीते 3 सप्ताह के दौरान प्रदेश में 7 हत्याएं और 3 रेप की घटनाएं सामने आने के बाद कांग्रेस भी आक्रामक हो गई है। विपक्षी कांग्रेस लगातार जयराम सरकार को कानून व्यवस्था पर घेरने में जुटी हुई है। इसे लेकर पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह, कांग्रेस विधायक दल के मुकेश अग्निहोत्री व कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू सहित कांग्रेस के कई अन्य नेताओं ने कानून व्यवस्था को लेकर सरकार पर जोरदार हमला बोला है। इस पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि कानून व्यवस्था को कायम करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस को अपराधियों के साथ सख्ती से निपटने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार किसी भी सूरत में अपराधियों को नहीं बख्शेगी।

Vijay