कुलदीप राठौर पर CM जयराम का पलटवार, देखिए क्या कहा? (Watch Video)

Sunday, Jul 28, 2019 - 11:28 AM (IST)

नाहन (सतीश शर्मा): नाहन में मीडिया से बात करते हुए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर के उस बयान पर पलटवार किया जिसमें उन्होंने कहा था कि ईवीएम पर उन्हें भरोसा नहीं है। इसलिए बैलेट पेपर पर उपचुनाव होने चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस को हार बर्दाश्त नहीं हो पा रही है। उन्होंने कहा कि जहां कांग्रेस को जीत मिलती है वहां कांग्रेस ईवीएम चुनाव से खुश रहती है लेकिन जहां उन्हें हार देखने को मिलती है, वहां ईवीएम पर सवाल उठाना शुरू कर देती है। उन्होंने कहा कि हिमाचल में सभी जगह पर कांग्रेस को हार मिली है। इसीलिए ईवीएम पर सवाल उठाए जा रहे हैं। 

बीजेपी में परिवारवाद के सवाल पर सीएम ने कहा कि परिवहन मंत्री गोविंद ठाकुर की बहन को बीजेपी महिला मोर्चा की कार्यकारी अध्यक्ष बनाना संगठन का फैसला है। इस बारे में संगठन ही जवाब देगा। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि इससे पहले धनेश्वरी ठाकुर कई महत्वपूर्ण पदों पर रह चुकी हैं। जिस कारण उन्हें यह पद दिया गया है। वहीं इसके बाद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर देर शाम नाहन से उत्तराखंड के लिए रवाना हुए। जहां वह रविवार को मंसूरी में आयोजित होने जा रही पर्वतीय राज्यों की बैठक में हिस्सा लेंगे। इस बैठक में सभी पर्वतीय राज्यों के सभी मुख्यमंत्री मौजूद रहेंगे। बैठक में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण मुख्य रूप से मौजूद रहेंगी। सीएम ने कहा कि केंद्रीय मंत्री के सामने हिमाचल का पुरजोर तरीके से पक्ष रखा जाएगा।

Ekta