केंद्रीय गृह मंत्री से मिले CM जयराम, हिमाचल के लिए मांगी NDRF बटालियन (Watch Video)

Sunday, Jan 28, 2018 - 01:29 AM (IST)

नई दिल्ली: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शनिवार को यहां देश के गृहमंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात पर प्रदेश में हाईटैक पुलिस व्यवस्था एवं पुलिस के आधुनिकीकरण का मुद्दा उठाया। साथ ही इसके लिए अलग से पैकेज की मांग भी की। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश अनेक राज्यों से घिरा सीमावर्ती राज्य है, इसलिए प्रदेश में अत्याधुनिक हथियारों की ज्यादा आवश्यकता है। इसके अलावा पहाड़ी राज्य होने के कारण प्रदेश में खतरनाक आपदाएं होती रहती हैं इसलिए प्रदेश में एक अलग से एन.डी.आर.एफ. (राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन फोर्स) बटालियन की तुरंत आवश्यकता है। राज्य में अक्सर घटनाएं होती रहती हैं। ऐसे में राज्य को पड़ोसी राज्यों पर निर्भर होना पड़ता है। 

एस.पी.ओ. का मानदेय किया जाए बराबर
मुख्यमंत्री बनने के बाद तीसरी बार दिल्ली पहुंचे जयराम ठाकुर ने गृहमंत्री राजनाथ सिंह के समक्ष कई अन्य सुरक्षा से जुड़े मुद्दे भी उठाए। मुख्यमंत्री ने गृहमंत्री से कहा कि जम्मू-कश्मीर की तर्ज पर हिमाचल प्रदेश में भी स्पैशल प्रोटैक्शन आफिसर (एस.पी.ओ.) का मानदेय बराबर किया जाए ताकि सीमा की सुरक्षा पर लगे एस.पी.ओ. के बीच असमानता की भावना न उत्पन्न हो। हिमाचल प्रदेश में सिर्फ 3000 रुपए एस.पी.ओ. को मिलते हैं। बता दें कि एस.पी.ओ. की यह मांग वर्षों से चली आ रही है लेकिन किसी भी सरकार ने इसे प्रमुखता से नहीं उठाया।

हैली टैक्सी सेवा शुरू करने की लगाई गुहार 
मुख्यमंत्री ने नॉर्थ-ईस्ट की तर्ज पर हिमाचल प्रदेश में भी हैली टैक्सी सेवा शुरू करने की गुहार लगाई है, साथ ही कहा कि एमरजैंसी के वक्त इसकी बहुत आवश्यकता होती है लिहाजा प्रदेश में सस्ती दर पर यह सुविधा शुरू होनी चाहिए। इससे आपदा एवं अन्य इमरजैंसी सेवाओं में लोगों की जान बचाई जा सकती है। इस मौके पर गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने मुख्यमंत्री को उनकी मांगों को पूरा करने का भरोसा दिया है।