मंडी में रामस्वरूप शर्मा की हार देख डरे CM जयराम : मनीष ठाकुर

Wednesday, May 08, 2019 - 07:37 PM (IST)

कुल्लू (मनमिंदर): प्रदेश में मंडी संसदीय क्षेत्र की सीट एक ऐसी सीट बन गई है, जिसने प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को कैद कर रखा है। कुल्लू पहुंचे प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष मनीष ठाकुर ने कहा कि मंडी संसदीय क्षेत्र से वर्तमान में सांसद रामस्वरूप शर्मा की हार को देखकर मुख्यमंत्री डर गए हैं, जिस कारण वह मंडी से बाहर ही नहीं निकल पा रहे हैं। मुख्यमंत्री को यह पता है कि सांसद रामस्वरूप शर्मा ने अपने कार्यकाल में कोई भी विकास कार्य नहीं किए हैं, जिसके चलते जनता अब उन्हें हराने के मूड में है।

कांग्रेस ने बेदाग छवि वाले प्रत्याशी को दिया टिकट

उन्होंने कहा कि मंडी संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस ने एक बेदाग छवि वाले प्रत्याशी आश्रय शर्मा को टिकट दिया है जो आज पूरे क्षेत्र में सभी लोगों की पसंद बना हुआ है। आश्रय शर्मा रोजाना जगह-जगह चुनाव प्रचार के लिए ग्रामीण क्षेत्रों का रुख कर रहे हैं और वहां जाकर लोगों के दुख दर्द को भी समझा कर रहे हैं।

भाजपा के झूठे झांसे में नहीं आने वाली जनता

वहीं उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने लोगों को जो झूठे झांसे दिए थे जनता अब उनमें फंसने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस ने भी अपना प्रचार अभियान शुरू कर दिया है। युवा कांग्रेस कांग्रेस पार्टी के घोषणा पत्र के वादों को लेकर जनता के बीच जा रही है और घर घर जाकर भाजपा की जन विरोधी नीतियों के बारे में जनता को भी जागरूक किया जा रहा है।

Vijay