CM जयराम ने दिए निर्देश, बोले-विशेष जागरूकता अभियान शुरू करे पुलिस

Tuesday, May 15, 2018 - 11:39 PM (IST)

शिमला: मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि कसौली घटनाक्रम के बाद राज्य पुलिस की कार्यप्रणाली पर धब्बा लगा है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश को शांति एवं सद्भावना के लिए जाना जाता है लेकिन कसौली जैसी घटनाएं भविष्य में होने से रोकने के प्रयास किए जाने चाहिए। मुख्यमंत्री यहां गृह विभाग की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने राज्य पुलिस को पूरे उत्साह और प्रतिबद्धता से कार्य करने के निर्देश दिए ताकि प्रदेश में बेहतर कानून व्यवस्था की स्थिति सुनिश्चित बनाई जा सके।


नशे की हालत में वाहन चलाने वालों से सख्ती से निपटें
उन्होंने कहा कि पुलिस को मादक द्रव्यों, मोटर वाहन अधिनियम के उल्लंघन व महिलाओं की सुरक्षा इत्यादि के बारे में विशेष जागरूकता अभियान शुरू करने चाहिए। उन्होंने कहा कि पुलिस को नशे की हालत में वाहन चलाने वालों से सख्ती से निपटना चाहिए और दोषियों के लाइसैंस रद्द किए जाएं। पुलिस को दोपहिया वाहन चालकों को हैल्मेट पहनने के लिए जागरूक करने के लिए भी विशेष अभियान चलाना चाहिए। उन्होंने कहा कि महिला पुलिस थानों की कार्यप्रणाली को प्रभावी बनाया जाए और वैवाहिक विवादों के मामलों में परामर्श के लिए उचित अवसर प्रदान किए जाने चाहिए।


स्कूलों और कालेजों में शुरू करें जागरूकता अभियान
उन्होंने सड़क के गड्ढों को चिन्हित कर इनका शीघ्र सुधार करने पर भी बल दिया। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने और नागरिकों के जीवन और सम्पत्ति की सुरक्षा के लिए पुलिस को पेशेवर तरीके से कार्य करना होगा। पुलिस बल को एक निष्पक्ष, नैतिक और वैध तरीके से समाज की सेवा करनी चाहिए तभी वह बड़े स्तर पर जनता का आत्मविश्वास जीत सकेंगे। उन्होंने निर्देश दिए कि मादक द्रव्यों के दुष्प्रभावों के बारे में स्कूलों और कालेजों में जागरूकता अभियान शुरू किए जाएं।


15 दिन के भीतर तैयार होगी नई योजना : डी.जी.पी.
पुलिस महानिदेशक एस.आर. मरड़ी ने कहा कि पुलिस बल को और अधिक सशक्त बनाने के लिए एक योजना 15 दिनों के भीतर तैयार की जाएगी। उन्होंने कहा कि अपराधों पर नियंत्रण पाने के लिए विभाग नई योजनाओं पर भी कार्य करेगा। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, कानून एवं व्यवस्था अनुराग गर्ग ने इस अवसर पर विभाग की ओर से प्रस्तुतीकरण दिया।

Vijay