CM जयराम ने नयनादेवी विधानसभा क्षेत्र को दी करोड़ों की सौगात

Wednesday, Feb 20, 2019 - 03:59 PM (IST)

बिलासपुर (मुकेश): प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बिलासपुर जिला के दौरे के दूसरे व अंतिम दिन श्रीनयनादेवी विधानसभा क्षेत्र के जुखाला में जुखाला में नए 33/11 के.वी. के विद्युत सब स्टेशन की आधारशिला भी रखी। इस सब स्टेशन के निर्माण में 5 करोड़ 2 लाख 27 हजार रुपए की राशि खर्च होगी व इस सब स्टेशन के बनने से जुखाला क्षेत्र में अधिक वोल्टेज खर्च होने से बार-बार बिजली गुल हो जाने की समस्या व कम वोल्टेज की समस्या से भी निजात मिलेगी। जुखाला क्षेत्र में विभिन्न गांवों में करीब 8 हजार परिवारों को इसका लाभ मिलेगा।

ब्रह्मपुखर-सैली वाया दयोथ सड़क कार्य का भूमि पूजन

मुख्यमंत्री ने 7 करोड़ 46 लाख रुपए की लागत से चौड़ी की जाने वाली ब्रह्मपुखर-सैली वाया दयोथ सड़क कार्य का भूमि पूजन किया व 5 लाख 9 हजार रुपए की राशि के दयोथ-लाग घाट सड़क के विस्तारीकरण कार्य का भी भूमि पूजन किया। दोपहर पश्चात मुख्यमंत्री ने 4 करोड़ 79 लाख रुपए की लागत से बनी जड़ौली- दलेत सड़क का रिबन काट कर लोकार्पण भी किया। इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री ने लोक भवन के निर्माण दिए 30 लाख रुपए देने व शिमला से मार्कंड प्राचीन धार्मिक स्थल के लिए एच.आर.टी.सी. की बस चलाने की घोषणा की।

प्रदेश का पहला सौर ऊर्जा संयंत्र लोकार्पित

मुख्यमंत्री ने डोला बेरहड़ा क्षेत्र में 28 करोड़ रुपए की लागत से बनी सौर ऊर्जा संयंत्र का लोकार्पण भी किया। यह प्रदेश का पहला सौर ऊर्जा संयंत्र है। यह संयंत्र 5 मैगावाट बिजली प्रतिदिन बनाएगा। हिमाचल पावर कारपोरेशन ने इस संयंत्र को ग्रिड के साथ जोड़ दिया है तथा इस संयंत्र ने बिजली की उत्पादन भी शुरू कर दिया है। फिलहाल इसकी बिजली ग्रिड के माध्यम से पड़ोसी राज्यों को दी जा रही है। 

बस्सी महिला पुलिस बटालियन को मिला शस्त्रागार

वहीं लंबे इंतजार के बाद बिलासपुर के बस्सी में स्थित महिला पुलिस की 5वीं रिजर्व बटालियन को अपना शस्त्रागार भी मिल गया। बुधवार को मुख्यमंत्री ने आई.आर.बी. महिला बटालियन बस्सी में 1 करोड़ 25 लाख रुपए की लागत से बने इस शस्त्रागार का लोकार्पण कर दिया। अब शीघ्र ही बटालियन के अपने सभी अस्त्र-शस्त्र व हथियार इस शस्त्रागार में पहुंच जाएंगे। इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री ने बटालियन की फायरिंग रेंज का लोकार्पण भी किया, वहीं 1 करोड़ 73 लाख 4 हजार रुपए की लागत से बनने वाले पुलिस फैमिली क्वार्टर्ज की आधारशिला भी रखी। इस अवसर पर आई.जी. पुलिस हिमांशु मिश्रा, 5वीं महिला बटालियन के कमांडैंट गौरव सिंह सहित कई प्रशासनिक अधिकारी एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

मोदी ने हिमाचल को दिए साढ़े 10 हजार करोड़ रुपए के प्रोजैक्ट

इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश का सौभाग्य है कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हिमाचल प्रदेश से अटूट लगाव है, जिसके चलते उन्होंने हिमाचल प्रदेश को लगभग 1 वर्ष के दौरान साढ़े 10 हजार करोड़ रुपए के प्रोजैक्ट दिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का उन पर और उनकी सरकार पर असीम आशीर्वाद रहा है और उनकी सरकार का 1 वर्ष का कार्यकाल पूरा होने पर भी नरेंद्र मोदी आशीर्वाद देने के लिए पहुंचे थे और वह उनकी आशाओं पर पूरी तरह से खरा उतरने का प्रयास करेंगे।

Vijay