CM जयराम ने नाहन की जनता को दी करोड़ों की सौगातें, कांग्रेस पर साधा निशाना

Tuesday, Jul 28, 2020 - 04:07 PM (IST)

नाहन (सतीश): मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मंगलवार को नाहन विधानसभा क्षेत्र को करोड़ों रुपए की सौगातें दी हैं। मुख्यमंत्री ने ऑनलाइन करीब 142 करोड़ रुपए की योजनाओं के उद्घाटन व शिलान्यास किए। नाहन में उद्घाटन व शिलान्यास पट्टिका का अनावरण कार्यक्रम जिला परिषद भवन में आयोजित हुआ। इस कार्यक्रम में सांसद व बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप, नाहन के बीजेपी विधायक डॉ. राजीव बिंदल समेत बीजेपी के कई नेता व अधिकारी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने मुख्य रूप से यहां 52 करोड़ रुपए की लागत से बनी गिरी उठाऊ पेयजल योजना का उद्घाटन किया। इस दौरान अपने संबोधन (वर्चुअल संबोधन) में मुख्यमंत्री ने कहा कि कई विकासात्मक कार्य नाहन विधानसभा क्षेत्र में सरकार द्वारा करवाए जा रहे हैं। वहीं उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि हमेशा विपक्ष सरकार की आलोचना करता रहता है। उन्होंने कहा कि नाहन विधानसभा क्षेत्र में अगर पूर्व की सरकारों ने काम किया होता तो आज इतनी बड़ी संख्या में उद्घाटन व शिलान्यास नहीं होते।

इस मौके पर विधायक डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि नाहन विधानसभा क्षेत्र को 1 दिन में 142 करोड़ रुपए की सौगातें मिलना विधानसभा क्षेत्र के लोगों के लिए बड़े गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि इससे पूर्व नाहन निर्वाचन क्षेत्र से जिन लोगों ने भी क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया है, वे यहां का विकास करने में नाकाम रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि ये विकास कार्य पहले की सरकारों ने किए होते तो आज विकास की दूसरी इबारत लिखी जा रही होती। उन्होंने यहां सीधे तौर पर कांग्रेस को निशाने पर लिया।

Vijay