CM जयराम ने कसा तंज, कहा-वीरभद्र को अर्की में पता चला क्या होता है चुनाव

Tuesday, Jan 02, 2018 - 08:22 PM (IST)

अर्की: मंगलवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर अर्की विधानसभा क्षेत्र पहुंचे। इस दौरान लोगों द्वारा गलोग, दाड़ला, दाड़ला मोड़ व कराड़ा सहित अन्य स्थानों पर उनका स्वागत किया। चमाकड़ी में लोगों को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार विकास के मामले में पीछे नहीं रहेगी। पूरे हिमाचल का एक समान विकास करवाया जाएगा। अर्की विधानसभा क्षेत्र में प्राथमिकता के आधार पर विकास कार्य किए जाएंगे। इस अवसर पर सिंचाई मन्त्री महेन्द्र सिंह, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डा. राजीव सहजल, दून के विधायक परमजीत सिंह पम्मी, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार त्रिलोक जम्वाल, पूर्व विधायक गोविन्द शर्मा, प्रदेश भाजपा सचिव रत्न सिंह पाल, जिला भाजपा अध्यक्ष के.एल. ठाकुर, अर्की भाजपा मंडल अध्यक्ष बाबू राम पंवर व दून मंडल बलबीर ठाकुर सहित भाजपा के सभी पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। 

6000 वोटों से ही जीत सके वीरभद्र 
चमाकड़ी में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह पर तंज कसते हुए कहा कि उनको इस बार विधानसभा चुनाव लडऩे का पता चला कि चुनाव क्या होता है। अर्की में वह मात्र 6000 वोटों से ही जीत सके जबकि बाकि के सभी चुनाव वह 16 व 20 हजार मतों से जीतते थे। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह उनके क्षेत्र से भी चुनाव लडऩे की सोच रहे थे परन्तु उन्हें किसी ने सलाह दी कि जयराम से पंगा नहीं लेना इसलिए उन्होंने अर्की की ओर रुख किया। अर्की के भाजपा प्रत्याशी रत्न पाल ने उन्हें नाकों चने चबाए।