CM जयराम बोले-अटल के शब्द ‘मैं वापस आऊंगा’, बहुत याद आते हैं

Sunday, Sep 16, 2018 - 10:36 PM (IST)

शिमला (राक्टा): मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी हिमाचल से विशेष प्यार करते थे और हम सबको हमेशा उनके ये शब्द याद आते हैं कि मैं वापस आऊंगा। उन्होंने कहा कि पूर्व पी.एम. अटल की याद में हम सबको बढ़-चढ़कर लेख लिखने चाहिए और विशेष कार्य करने चाहिए। मुख्यमंत्री रविवार को भाजपा मुख्यालय दीपकमल चक्कर शिमला में आयोजित भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की मासिक पुण्यतिथि पर काव्यांजलि कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि आज भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की मासिक पुण्यतिथि पर पूरे देश में काव्यांजलि का आयोजन किया गया है। 

एक ही व्यक्ति में इतने अनेक रूप थीबड़ी विशेषता
उन्होंने कहा कि पूर्व पी.एम. अटल की याद हम सभी को बहुत ज्यादा आती है और उनके अनेक रूप थे, एक कवि, एक राजनेता, एक अभिनेता व एक चिंतक के रूप में। उन्होंने कहा कि एक ही व्यक्ति में इतने अनेक रूप बड़ी विशेषता थी। उन्हें तो विपक्ष भी पसंद करता था और सबको साथ लेकर चलना उनकी बड़ी विशेषता थी। उन्होंने कहा कि अटल हम सबके लिए एक प्रेरणास्रोत थे और उनके जीवन से हम सबको काफी विशेषताएं सीखने को मिलती हैं। मुख्यमंत्री के साथ शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज विशेष रूप में कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

अटलमय हो गया वातावरण
भाजपा मुख्यालय में आयोजित काव्यांजलि कार्यक्रम में विभिन्न कवियों ने अपनी प्रस्तुति दी। इनमें मुख्य रूप से डा. दिनेश कंवर, रामऋषि भारद्वाज, भारती कुठियाला, वंदना राणा, अश्वनी गर्ग, वाचस्पति शास्त्री, नारायण सिंह ठाकुर, इंद्र सिंह ठाकुर, ओ.पी. शर्मा, कर्म सिंह और त्रिलोक सूर्यवंशी सहित अन्यों ने कार्यक्रम में भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के जीवन और विशाल व्यक्तित्व पर अनेकों कविताओं की प्रस्तुति दी। कविताओं से कार्यक्रम का वातावरण अटलमय हो गया।

Vijay