CM जयराम ने की घोषणा, लंबाथाच नलवाड़ मेले को मिला जिला स्तरीय दर्जा

Wednesday, Sep 12, 2018 - 09:45 PM (IST)

जंजैहली: मेले व त्यौहार हमारी समृद्ध संस्कृति धरोहर के अभिन्न अंग हैं, जिससे हमारी संस्कृति तथा परंपराओं को आने वाली पीढिय़ों तक संजोए रखने में मदद मिलती है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने अपने निर्वाचन क्षेत्र के लम्बाथाच में नलवाड़ मेले के समापन समारोह की अध्यक्षता करते हुए मेले को जिला स्तरीय मेले का दर्जा प्रदान करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि लम्बाथाच से कलहनी सड़क का 37.50 करोड़ रुपए की लागत से विकास तथा सुधार किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला लम्बाथाच भवन निर्माण के लिए 1.50 करोड़ रुपए तथा क्षेत्र की 5 संपर्क सड़कों के निर्माण के लिए 25 लाख रुपए देने की घोषणा की।

96.27 लाख की उठाऊ सिंचाई योजना की रखी आधारशिला
उन्होंने चेत में स्वास्थ्य उपकेंद्र खोलने की घोषणा भी की। उन्होंने नेरी महिला मंडल के लिए महिला मंडल भवन बनाने के लिए 2 लाख रुपए देने की घोषणा की। उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले विद्यार्थियों को अपनी ऐच्छिक निधि से 21,000 रुपए देने की घोषणा की। उन्होंने विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक एवं राजनीतिक संस्थाओं ने मुख्यमंत्री को सम्मानित किया। इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने पंचायत लम्बाथाच के केवली में 96.27 लाख रुपए की लागत से निर्मित होने वाली उठाऊ सिंचाई योजना की आधारशिला रखी। उन्होंने 37.50 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित होने वाली लम्बाथाच-कलहनी मार्ग का भूमि पूजन भी किया। उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नेहरी सूनाहा (लम्बाथाच) का स्तरोन्नयन के बाद लोकार्पण किया तथा राजकीय महाविद्यालय सराज के लम्बाथाच में विज्ञान कक्षाओं का शुभारम्भ भी किया।

लाभार्थी महिलाओं को बांटे मुफ्त गैस कनैक्शन
मुख्यमंत्री ने ‘मुख्यमंत्री गृहिणी सुविधा योजना’ की लाभार्थी महिलाओं को मुफ्त गैस कनैक्शन भी वितरित किए। सांसद रामस्वरूप शर्मा ने कहा कि क्षेत्र के लोगों के लिए यह एक ऐतिहासिक क्षण है क्योंकि पहली बार उनके क्षेत्र से मुख्यमंत्री बना है और लम्बाथाच नलवाड़ मेले में आप सभी के बीच में हैं। मेला समिति के अध्यक्ष एवं स्थानीय पंचायत प्रधान चमन लाल ने मुख्यमंत्री तथा अन्य उपस्थित गण्यमान्य व्यक्तियों का स्वागत किया। विधायक राकेश जम्वाल, मिल्कफैड के अध्यक्ष निहाल चंद शर्मा, वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष राजबली, डी.सी. ऋग्वेद ठाकुर व एस.पी. गुरदेव शर्मा अन्य गण्यमान्य व्यक्तियों सहित इस अवसर पर उपस्थित थे।

Vijay