मंडी के नाचन विधानसभा क्षेत्र को करोड़ों की सौगात, CM ने ऑनलाइन किए उद्घाटन व शिलान्यास

punjabkesari.in Thursday, Aug 13, 2020 - 04:59 PM (IST)

शिमला (योगराज): मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने वीरवार को शिमला से वीडियो कॉन्फ्रैंस के माध्यम से मंडी जिला के नाचन विधानसभा क्षेत्र के लिए 133 करोड़ रुपए की विकासात्मक परियोजनाओं के उद्घाटन व शिलान्यास किए। इस मौके पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हिमाचल को विकास के मामले में देश का अग्रिम राज्य बनाने के लिए अग्रसर है। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी जिन विकासात्मक परियोजनाओं की आधारशिलाएं आज रखी गई हैं, उन्हें निर्धारित समयावधि में पूरा किया जाना सुनिश्चित बनाया जाए। उन्होंने कहा कि राज्य की पिछली कांग्रेस सरकार ने केवल घोषणाएं कीं और जमीनी स्तर पर कुछ भी नहीं किया। कांग्रेस सरकार ने कार्यकाल के अंतिम वर्ष में राज्य के विभिन्न हिस्सों में केवल आधारशिलाएं रखीं, जिन्हें वर्तमान राज्य सरकार द्वारा पूरा किया गया है।

इस मौके पर जल शक्ति और बागवानी मंत्री महेन्द्र सिंह ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के गतिशील नेतृत्व में राज्य सरकार हर क्षेत्र के समग्र विकास के लिए कृतसंकल्प है। उन्होंने बताया कि पिछले लगभग 2 वर्षों की समय अवधि में हिमाचल प्रगति और खुशहाली की राह पर तेजी से आगे बढ़ा है। यहां तक कि कोरोना महामारी के बावजूद प्रदेश में विकास की गति निर्बाध चल रही है, जिसका श्रेय मुख्यमंत्री को जाता है।उन्होंने कहा कि नाचन विधानसभा क्षेत्र में 176 करोड़ रुपए की लागत से पेयजल एवं सिंचाई योजनाएं और लोक निर्माण विभाग की 104 करोड़ रुपए की योजनाएं कार्यान्वित की जा रही हैं।

इस मौके पर सांसद रामरूवरूप शर्मा ने समाज के गरीब वर्गों के कल्याण के लिए केन्द्र सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि उज्ज्वला योजना और गृहिणी सुविधा योजना प्रदेश की लाखों महिलाओं के लिए वरदान साबित हुई हैं। स्थानीय विधायक विनोद कुमार ने क्षेत्र की विभिन्न विकासात्क मांगों को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व नाचन क्षेत्र का अभूतपूर्व विकास हुआ है। इस दौरान जिला भाजपा अध्यक्ष दलीप सिंह ठाकुर, मंडल भाजपा अध्यक्ष सोहन सिंह और महासचिव हुकम भी उपस्थित थे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News