CM ने किया ऐलान, MBBS सीटों की इतनी हुई संख्या

Sunday, Jun 04, 2017 - 08:53 AM (IST)

शिमला: मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने चंबा तथा मंडी में नए मैडीकल कॉलेज स्थापना की स्वीकृति प्रदान करने के लिए केंद्र सरकार का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि नए कॉलेजों के आरंभ होने पर राज्य में एम.बी.बी.एस. सीटों की संख्या बढ़कर 500 हो गई है। उन्होंने कहा कि चंबा, हमीरपुर व नाहन मैडीकल कॉलेजों को यू.पी.ए. सरकार के समय मंजूर किया गया था। उन्होंने कहा कि चंबा मैडीकल कॉलेज का नाम पंडित जवाहर लाल नेहरू राजकीय चिकित्सा कालेज होगा और सत्र 2017-18 के लिए इसमें 100 एम.बी.बी.एस. सीटों की क्षमता होगी। मैडीकल कॉलेज मंडी का नाम लाल बहादुर शास्त्री मैडीकल कॉलेज होगा।


2017-18 के लिए एम.बी.बी.एस. सीटों की क्षमता होगी 100
इस कॉलेज में भी सत्र 2017-18 के लिए एम.बी.बी.एस. सीटों की क्षमता 100 होगी। वीरभद्र ने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के अधीन डा. वाई.एस. परमार मैडीकल नाहन में शैक्षणिक सत्र 2017-18 के लिए एम.बी.बी.एस. छात्रों की 100 सीटों के द्वितीय बैच के प्रवेश की मंजूरी के नवीकरण के लिए भी केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमीरपुर में कॉलेज की स्थापना को अभी मंजूरी प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने केंद्र सरकार से इस मैडीकल को आरम्भ करने के लिए शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया।