शिमला जल संकट पर CM ने PMO को सौंपी रिपोर्ट, अवैध कनैक्शन वाले विधायक पर दिया बड़ा बयान

Saturday, Jun 02, 2018 - 05:48 PM (IST)

दिल्ली/शिमला: शिमला के जल संकट पर प्रदेश सरकार ने पी.एम.ओ. को रिपोर्ट दे दी है। दिल्ली पहुंचे मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पंजाब केसरी को बताया कि प्रदेश सरकार ने पी.एम.ओ. को स्टेटस रिपोर्ट भेज दी है। स्टेटस रिपोर्ट में पूरी जानकारी दी गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनकी मुलाकात नहीं हो पाई क्योंकि वह दिल्ली में नहीं हैं। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार को शिमला जल संकट पर लॉन्ग टर्म प्लान सुझाया गया है। इसके लिए केंद्र से धन और सहयोग दोनों चाहिए। उन्होंने कहा कि शिमला के हालात लगातार सुधर रहे हैं। समस्या के समाधान के लिए कुछ दिन और इंतजार करना होगा। प्री मॉनसून की बारिश के साथ ही मुश्किल हल हो जाएगी। वैसे सरकार इसका स्थायी समाधान ढूंढने के लिए प्रयास कर रही है।


विपक्ष का काम है कहना
मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष इस मुद्दे पर राजनीति कर रहा है। विपक्ष का काम कहना है और ये उनका अधिकार है, साथ ही उन्होंने कहा कि ये समस्या 3 या 4 महीने पुरानी नहीं है। पहले जो भी सत्ता में रहे उन्होंने पेयजल की समस्या दूर करने के लिए काम क्यों नहीं किया। पानी के बंटवारे की व्यवस्था को पूरी तरह से तहस-नहस कर दिया गया है। इसी कारण से आज संकट के हालात बने हैं। बीजेपी सरकार ने शिमला की प्यास बुझाने के लिए 700 करोड़ का एक प्रोजैक्ट भेजा है। प्रोजैक्ट को मंजूरी मिलने के लिए युद्धस्तर पर काम शुरू होगा, जिसके बाद समस्या हमेशा के लिए खत्म हो जाएगी।


अवैध कनैक्शन वाले विधायक पर क्या बोले सी.एम.
चौपाल से बीजेपी विधायक बलवीर वर्मा के अपार्टमैंट्स में अवैध पानी का कनैक्शन मिलने पर भी सी.एम. ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अभी तो हमें समाचार पत्रों से ये जानकारी मिली है। इस मसले पर रिपोर्ट मांगी गई है और रिपोर्ट आते ही उस पर विचार किया जाएगा।

Vijay