CM ने स्वतंत्रता सेनानियों को दिया तोहफा, बढ़ाई ‘सम्मान राशि’

Thursday, Feb 09, 2017 - 09:35 AM (IST)

ज्वालामुखी: मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने बुधवार को कांगड़ा जिला के ज्वालामुखी में राज्य स्तरीय स्वतंत्रता सेनानी सम्मेलन को संबोधित करते हुए स्वतंत्रता सेनानियों की ‘सम्मान राशि’ को 10 हजार रुपए से बढ़ाकर 15 हजार रुपए तथा स्वतंत्रता सेनानियों की विधवाओं और अविवाहित पुत्रियों की पैंशन को 5 हजार रुपए से बढ़ाकर 15 हजार रुपए करने की घोषणा की। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों की अंतिम संस्कार राशि को 15 हजार रुपए से बढ़ाकर 25 हजार रुपए तथा स्वतंत्रता सेनानियों की विधवाओं की अंतिम संस्कार राशि को 10 हजार रुपए से बढ़ाकर 20 हजार रुपए करने की घोषणा की। इस मौके पर राज्य के स्वतंत्रता सेनानी तथा उनके आश्रित, के.सी.सी. बैंक के अध्यक्ष जगदीश सिपहिया, राज्य वन निगम के उपाध्यक्ष केवल सिंह पठानिया, कर्मचारी कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष सुरिंद्र मनकोटिया, ब्रिगेडियर राजेंद्र राणा, जी.ए.डी. सचिव मोहन चौहान, जिलाधीश सी.पी. वर्मा तथा एस.पी. संजीव गांधी उपस्थित रहे। 


पुत्रियों तथा पौत्रियों के विवाह की अनुदान राशि बढ़ी
मुख्यमंत्री ने पुत्रियों तथा पौत्रियों के विवाह की अनुदान राशि को 21 हजार रुपए से बढ़ाकर 31 हजार रुपए करने की घोषणा की। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानी कल्याण बोर्ड में स्वतंत्रता सेनानियों के वार्डों से 2 सदस्यों को नामित तथा राजस्व दस्तावेजों में स्वतंत्रता सेनानियों के परिवारों को स्थायी रूप से दर्ज करने की भी घोषणा की। इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री ने सरकारी नौकरी में बैकलॉग को शीघ्र समाप्त करने की घोषणा की। 


सरकारी नौकरी में 2 प्रतिशत आरक्षण
मुख्यमंत्री ने 6 महीनों के भीतर स्वतंत्रता सेनानियों के घर तक जाने वाली सड़कों के लंबित पड़े निर्माण कार्य को पूर्ण करने तथा सरकारी नौकरी में वर्तमान 2 प्रतिशत आरक्षण में स्वतंत्रता सेनानियों की विवाहित पुत्रियों तथा पौत्रियों को लाने के निर्देश भी दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों ने स्वतंत्रता को वास्तविकता का रूप दिया है, जिसके लिए हम उनका सम्मान करते हैं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के अज्ञात तथा गुमनाम नायकों को हम आज यहां नम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं।


परमवीर चक्र से सम्मानित मेजर सोमनाथ शर्मा पर गर्व 
वीरभद्र सिंह ने कहा कि सच्चे नागरिक होने के नाते हमें निजी स्वार्थों से ऊपर उठकर अपनी परंपराओं, रीति-रिवाजों, भाषा तथा स्वतंत्रता सेनानियों के इतिहास को संरक्षित कर युवा पीढ़ी को सौंपना चाहिए।  उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के आंदोलनों से ही स्वतंत्रता प्राप्त हुई है तथा हमें यह कभी भी नहीं भूलना चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य के सैनिकों ने युद्ध तथा विभिन्न लड़ाइयों में वीरता का प्रदर्शन किया है। उन्होंने कहा कि हमें कांगड़ा के प्रथम परमवीर चक्र से सम्मानित मेजर सोमनाथ शर्मा पर गर्व है। 


शहीदों के लिए रखा 2 मिनट का मौन
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने हिमाचल प्रदेश स्वतंत्रता सेनानी सम्मान योजना के अंतर्गत स्वतंत्रता सेनानियों को सम्मानित करने की योजना लागू की है। इसके तहत 60 जीवित स्वतंत्रता सेनानियों, 601 स्वतंत्रता सेनानियों की विधवाओं तथा अविवाहित पुत्रियों को सम्मान राशि प्रदान की जाएगी। इस अवसर पर शहीदों का स्मरण करते हुए 2 मिनट का मौन रखा गया।