बिना नाम लिए CM का बाली पर हमला, बोले- BJP के एजैंट को हराओ

Wednesday, Aug 16, 2017 - 07:41 PM (IST)

धर्मशाला (जिनेश ): मंगलवार को कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने एकजुटता का संदेश दिया और सबको साथ मिलकर चलने की बात कही। उन्होंने मंच से जी.एस. बाली का नाम लिए बिना हमला बोलते हुए प्रदेश कांग्रेस में कोई भाजपा का एजैंट हो तो उसको जनता उसकी जगह पर हरा कर उसे घर बैठाने की नसीहत भी दे डाली। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के अंदर कोई भी भीतरघात करने की इजाजत नहीं है। उन्होंने तल्ख लहजे में कहा कि प्रदेश में चाहे कोई महारथी हो या कोई साधारण कार्यकर्ता। उन्हें वह सबसे प्यारा है जो कंधे से कंधा मिलाकर पार्टी को आगे बढ़ाता है। उन्होंने कहा कि जिंदगी में अनुशासन भी बहुत जरूरी है। 

हिमाचल में एकता का श्रय कांग्रेस सरकार को
उन्होंने कहा कि आज हिमाचल एक मजबूत राज्य के रूप में सामने आया है। उन्होंने कहा कि पहले एक दौर ऐसा भी आया था जब कुछ पार्टियां प्रदेश में नारे लगती थीं कि ऊपर का हिमाचल नीचे का हिमाचल। उन्होंने कहा कि जो एकता प्रदेश में आज पैदा हुई है उसका पूरा श्रेय कांग्रेस सरकार को जाता है। उन्होंने कहा कि इस वजह से प्रदेश में न केवल भाईचारा बढ़ा है बल्कि प्रदेश कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि हिमाचल देश का एकमात्र राज्य है जहां बेरोजगारों को बेराजगारी भत्ता दिया जा रहा है। 

कांग्रेस देगी प्रदेश को सही दिशा : शिंदे
इस दौरान हिमाचल प्रभारी सुशील कुमार शिंदे ने कहा कि केंद्र सरकार की नाकामियों के चलते जनता आज परेशान है। केवल कांग्रेस ही देश व प्रदेश को सही दिशा दे सकती है। बीजेपी की नाकामियों को देखते हुए जनता कांग्रेस में विश्वास जताएगी। इस दौरान कांग्रेस की सहप्रभारी रंजीत रंजन ने शाहपुर की जनता की तरफ से किए गए भव्य स्वागत का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े तीन साल में मोदी सरकार ने एक भी ऐसा निर्णय नहीं लिया जो जनहित में हो। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने नोटबंदी कर काला धन वापस लाने का जो वायदा लोगों से किया था वह आज तक पूरा नहीं हुआ। इतना ही नहीं, विजय माल्या जिस पर बैंक का इतना कर्ज था उसे जान-बूझकर विदेश भगा दिया। 

कांग्रेस में वीरभद्र सिंह जैसे कम ही सी.एम.
इस मौके पर केवल सिंह पठानिया ने शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में पिछले 4 वर्षों में हुए विकास कार्यों का श्रेय मुख्यमंत्री को दिया। सी.एम. की तारीफ करते हुए कांग्रेस की सहप्रभारी ने कहा कि कांग्रेस में वीरभद्र सिंह जैसे कम ही सी.एम. हैं। आज हिमाचल को उन्होंने अलग पहचान दिलाई है। इस पहले जनसभा को कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू और शहरी विकास मंत्री सुधीर शर्मा ने भी संबोधित किया।