CM के आश्वासन के बाद निजी बस ऑप्रेटर्ज ने 21 जून की हड़ताल ली वापस

Friday, Jun 15, 2018 - 09:26 AM (IST)

सुजानपुर (अश्विनी): मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के आश्वासन के बाद निजी बस ऑप्रेटर संघ ने 21 जून को निर्धारित अपनी हड़ताल को वापस ले लिया है। गुरुवार को संघ का एक दल मुख्यमंत्री से प्रदेश की राजधानी शिमला में उनसे मिला और शिष्टाचार भेंट करते हुए अपनी मांगों को बताया। उन्होंने सभी बस ऑप्रेटर से भेंट करते हुए जहां उनकी मांगों को सुना और उन्हें आश्वासन देते हुए कहा कि राज्य सरकार की आगामी कैबिनेट बैठक में जो भी मांगें रखी हैं, उन पर चर्चा करके उन्हें पूरा किया जाएगा। निजी बस ऑप्रेटर आगामी कैबिनेट का इंतजार करें। 


मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद उनकी 21 जून को रखी गई निजी बसों की 1 दिन की हड़ताल को रद्द कर दिया है। प्रदेश अध्यक्ष राजेश्वर पराशर के नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश निजी बस संचालक संघ के प्रतिनिधिमंडल सहित हमीरपुर से मुख्यमंत्री से मिलने गए निजी बस आप्रेटर्ज में विजय ठाकुर राजकुमार, वीरेंद्र ठाकुर, मनोज कुमार व भारत भूषण ने बताया कि गुरुवार को मुख्यमंत्री से प्रदेश के संघ ने मुलाकात की। 


उन्होंने मुख्यमंत्री से पैट्रोलियम उत्पादों में वृद्धि के कारण बस किराए को बढ़ाने का आग्रह किया। प्रतिनिधिमंडल ने पड़ोसी राज्यों की तर्ज पर न्यूनतम बस किराए में वृद्धि का भी आग्रह किया। संघ ने पूर्व सरकार द्वारा बसों पर लगाए गए ग्रीन टैक्स को वापस लेने का भी आग्रह किया। प्रदेश संघ ने मुख्यमंत्री के आश्वासन के उपरांत 21 व 27 जून को प्रस्तावित हड़ताल वापस लेने का निर्णय लिया। 


कैबिनेट बैठक तक इंतजार
उधर, निजी बस आप्रेटर संघ एवं ब्यास प्राइवेट बस आप्रेटर संघ के अध्यक्ष भीम सिंह रांगड़ा ने कहा कि 21 जून को निजी बसों की हड़ताल को रद्द कर दिया गया है। प्रदेश कैबिनेट बैठक के बाद ही हड़ताल के ऊपर विचार किया जाएगा। 
 

Ekta