CM वीरभद्र का ऐलान, मैडीकल कालेज चम्बा में इसी साल होगा यह काम

Thursday, Jul 06, 2017 - 08:17 PM (IST)

चम्बा: इसी सत्र से पं. जवाहर लाल नेहरू राजकीय मैडीकल कालेज चम्बा में एम.बी.बी.एस. की कक्षाएं बैठ जाएंगी तो साथ ही मैडीकल कालेज भवन निर्माण के लिए सरोल में जगह चिन्हित करने की प्रक्रिया को पूरा कर लिया गया है। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने वीरवार को पांगी मुख्यालय किलाड़ में एक जनसभा को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल धरवास व पुर्थी में शिक्षा ग्रहण करने वाले छात्र-छात्राओं के लिए होस्टलों का निर्माण करने की घोषणा की तो साथ ही उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल साच में शिक्षा ग्रहण करने वाली छात्राओं के लिए भी होस्टल निर्माण करने की घोषणा की। 

सौर ऊर्जा प्लांट स्थापित करने पर होगा विचार
सर्दियों में पांगी घाटी के लोगों को पेश आने वाली बिजली की किल्लत से निजात दिलाने के लिए मुख्यमंत्री ने घाटी में सौर ऊर्जा प्लांट स्थापित करने पर विचार करने का भी आश्वासन दिया तथा कहा कि महालू नाला चरण दो तथा धरवास सूक्ष्म जलविद्युत परियोजनाओं के निर्माण को सर्वेक्षण करवाने के बाद विचार किया जाएगा। भाजपा पर पांगी घाटी की विकास के मामले में उपेक्षा करने का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बात और है कि कांग्रेस द्वारा करवाए गए विकास कार्यों का श्रेय लेने में भाजपा कभी पीछे नहीं रही है।

पुलिस थाना किलाड़ की रखी आधारशिला
इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने पांगी घाटी मुख्यालय में 3 करोड़ 60 लाख रुपए की लागत से बनने वाले पुलिस थाना किलाड़ के निर्माण कार्य की आधारशिला रखी तो साथ ही करीब 4 करोड़ रुपए की लागत से बने सिविल अस्पताल किलाड़ का उद्घाटन किया। इस मौके पर डी.सी. चम्बा सुदेश मोख्टा और सी.एम.ओ. चम्बा डा. विनोद शर्मा सहित विभिन्न विभागों के आला अधिकारी मौजूद रहे।