रामपुर के देवठी व कुहल में बादल फटा, 3 घरों व सेब के पौधों को पहुंचा नुक्सान

Wednesday, Aug 29, 2018 - 06:07 PM (IST)

रामपुर बुशहर: उपमंडल रामपुर के ग्राम देवठी व कुहल में बीती रात बादल फटने से भारी नुक्सान हुआ है। भारी वर्षा के कारण 3 लोगों के घरों व एक गऊशाला को भारी क्षति हुई है। इसके अलावा भू-स्खलन से क्षेत्र में करीब 12 लोगों के सेब के  पौधों को भी नुक्सान हुआ है। सूचना मिलते की प्रशासन घटनास्थल की ओर रवाना हो गया है। जानकारी के  अनुसार भारी वर्षा से करीब 225 सेब के पौधे व पेयजल स्रोतों व सड़क मार्ग को भारी क्षति पहुंची है। वहीं भू-स्खलन से मुनी लाल के मकान में दरारें आ गईं हैं जबकि गऊशाला को भी काफी नुक्सान हुआ है। वहीं राम लाल व शोभा राम के तीन-तीन कमरों को भारी क्षति हुई है। जुआ गांव के निवासी प्रभात, विजय, जयपाल सहित कई लोगों के सेब के पौधों को भू-स्खलन के कारण काफी क्षति हुई है।

पानी की पाइपें व देवठी सड़क मार्ग टूटा
अचानक बादल फटने के बाद एकाएक छोटे-नालों में भी पानी की मात्रा काफी अधिक हो गई। अचानक बाढ़ आने से पानी की पाइपें व देवठी सड़क मार्ग भी टूट गया है। इसके कारण लोगों को पीने के पानी से भी महरूम होना पड़ रहा है। क्षेत्र में मौजूद प्राकृतिक स्रोतों से ही ग्रामीण अपनी व अपने परिजनों की प्यास बुझा रहे हैं। किसान सभा रामपुर के महासचिव प्रेम चौहान ने बताया कि बादल फटने से क्षेत्र के लोगों को भारी नुक्सान हुआ है। उन्होंने कहा कि भारी वर्षा के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। क्षेत्र में रहने वाले लोग अपने रिश्तेदारों के पास आश्रय ले रहे हैं।

क्या कहते हैं तहसीलदार
तहसीलदार रामपुर विपिन ठाकुर ने बताया कि राजस्व विभाग की टीम को मौके पर नुक्सान की रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश जारी कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि बागवानी विभाग को भी भू-स्खलन से क्षतिग्रस्त हुए सेब के पौधे की रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश जारी किए जा चुके हैं।

Vijay