रक्षा संपदा दिवस पर छावनी परिषद डल्हौजी में चला सफाई अभियान

Sunday, Dec 16, 2018 - 05:33 PM (IST)

डल्हौजी (सुभाष): रक्षा संपदा दिवस के अवसर पर छावनी परिषद डलहौजी में रविवार को स्वच्छ भारत मिशन के तहत दूसरे चरण का सफाई अभियान चलाया गया। सफाई अभियान की शुरूआत कैंट बोर्ड के स्कूल और उसके नीचे लगते पहाड़ियों की सफाई करके शुरू की गई।

इस दौरान 400 किलो कचरा साफ किया गया। यह अभियान 1 दिसम्बर से शुरू हुआ था जोकि 31 दिसम्बर तक चलेगा। इस सफाई अभियान में छावनी परिषद के मुख्य अधिशासी अधिकारी रविंद्र और वरिष्ठ पत्रकार सुभाष महाजन, रूपेश कल्याण, अरविंद शर्मा संजीव व बाबर तथा कैंट बोर्ड स्कूल के अध्यापक और कैंट बोर्ड डिस्पैंसरी के स्टाफ ने हिस्सा लिया।

मुख्य अधिशासी अधिकारी रविंद्र ने बताया कि यह सफाई अभियान पूरे सप्ताह चलेगा और इस दौरान छावनी परिषद डल्हौजी के नालों तथा जंगलों की सफाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि प्लास्टिक के कचरे की वजह से जंगलों को भी नुक्सान होता है और पर्यावरण को भी। उन्होंने बताया किइस सफाई अभियान मे छावनी परिषद के सिविल एरिया और सभी वार्डों की सफाई की जाएगी।

उन्होंने छावनी परिषद के रहने वाले सभी नागरिकों से आग्रह किया कि इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और डल्हौजी छावनी को साफ-सुथरा बनाएं। बता दें कि 2017-2018 में भारत की 62 छावनियों में करवाए गए स्वच्छ सर्वेक्षण में डल्हौजी छावनी 14वें नंबर पर आई थी।

Vijay