राहुल गांधी का पुतला जलाने पर गर्माया माहौल, पुलिस-भाजपा कार्यकर्ताओं में धक्का-मुक्की

Wednesday, Dec 19, 2018 - 05:13 PM (IST)

चम्बा (अमृत): राफेल मुद्दे को लेकर बुधवार को चम्बा मुख्यालय में भाजपा के कार्यकर्ताओं व नेताओं ने मुख्य बाजार में विरोध रैली निकाली जोकि  पूरे शहर की परिक्रमा करती हुई मुख्य चौक पर पहुंची। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी का पुतला भी जलाया। पुतला जलाने के दौरान पुलिस व भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की हो गई, जिससे कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया। पुलिस ने काफी देर तक पुतले को जलाने से रोकने का प्रयास किया लेकिन भाजपा के कार्यकर्ताओं ने आखिरकार राहुल गांधी का पुतला जला ही डाला।

सुप्रीम कोर्ट के फैसला का सम्मान करती है भाजपा

इस विरोध रैली में शामिल भाजपा जिला अध्यक्ष डी.एस. ठाकुर व स्थानीय विधायक पवन नैय्यर ने बताया कि कांग्रेस ने जो राफेल मुद्दे पर सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की थी उसके ऊपर जो निर्णय आया है उसके लिए हम सुप्रीम कोर्ट का धन्यवाद करते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रस झूठे मुद्दों को लेकर भाजपा को बदनाम करने की कोशिश रही है।

कांग्रेस नेता पी.एम. मोदी पर लगा रहे झूठे आरोप

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के केंद्रीय नेता देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर झूठे आरोप लगा रहे हैं, जिसके लिए हमने विरोध रैली निकाली है। उन्होंने कहा कि हमने डी.सी. के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजकर राहुल गांधी द्वारा पद से इस्तीफा देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी लोगों से झूठ बोल कर 3 राज्यों में चुनाव तो जीत गई है लेकिन आने वाले समय में उसे हार का सामना करना पड़ेगा।

Vijay