CM का पुतला जालने पर भाजपा कार्यकर्ताओं व पुलिस में नोक-झोंक

Thursday, Aug 17, 2017 - 01:11 AM (IST)

नूरपुर: भारतीय जनता युवा मोर्चा की संगठनात्मक जिला नूरपुर टीम ने युवा आक्रोश रैली का आयोजन प्रदेशाध्यक्ष विशाल चौहान की अगुवाई में किया गया। रैली के बाद जब भाजपा कार्यकर्ता मुख्यमंत्री का पुतला जलाने लगे तो पुलिस के कुछ कर्मचारी सी.एम. का पुतला उठा कर ले गए, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई। इस दौरान भाजपा नेता राकेश पठानिया की पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों से तीखी नोक-झोंक हुई तथा उसके बाद कार्यकर्ताओं ने प्रशासन के सामने सी.एम. का दूसरा पुतला जलाया। इससे पहले रैली न्याजपुर से लेकर एस.डी.एम. कार्यालय तक निकाली गई। प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, नशा माफिया, खनन माफिया व बढ़ रही आपराधिक घटनाओं के विरोध में उक्त रैली निकाली गई। युवाओं ने गुडिय़ा रेप व मर्डर केस, होशियार सिंह मर्डर केस, तीसा में हुई साम्प्रदायिक हिंसा व गद्दी समुदाय पर हुए लाठीचार्ज को लेकर प्रदेश सरकार के खिलाफ  जमकर नारेबाजी की। 

काले अक्षरों में लिखा जाएगा कांग्रेस सरकार का कार्यकाल
रैली को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष विशाल चौहान ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस सरकार का कार्यकाल हिमाचल के इतिहास में काले अक्षरों में लिखा जाएगा मुख्यमंत्री स्वयं उनका पूरा परिवार व पूरी कांग्रेस सरकार जमानत पर है। प्रदेश का विकास रुका पड़ा है। केंद्र की मोदी सरकार ने हजारों करोड़ हिमाचल के विकास के लिए दिए परंतु प्रदेश सरकार ने धरातल पर नहीं लगाए। रैली को भाजपा प्रदेश महामंत्री कृपाल परमार, उपाध्यक्ष राजीव भारद्वाज, पूर्व विधायक राकेश पठानिया, विधायक मनोहर धीमान, जिला महामंत्री रणवीर सिंह निक्का, रीता धीमान, जगदेव पठानिया, युवा मोर्चा प्रदेश सचिव पंकज हैप्पी, जिला प्रभारी संदीप पनियाल, जिलाध्यक्ष आदर्श शर्मा तथा अजय पठानिया ने भी सम्बोधित किया। रैली के बाद सभी युवाओं ने एस.डी.एम. के माध्यम से राज्यपाल महोदय को प्रदेश सरकार को बर्खास्त करने के लिए ज्ञापन सौंपा।