बेहतरीन सुविधाएं देने के दावे खोखले, व्हील चेयरों पर रस्सियां बांध चलाया जा रहा काम

Wednesday, Sep 18, 2019 - 01:29 PM (IST)

चंबा (वीरू राणा) : स्वास्थ्य विभाग ने मैडीकल कालेज अस्पताल चंबा में बेहतरीन सुविधाएं देने के दावे तो किए, मगर पिछले कई महीनों से मैडीकल कालेज अस्पताल चंबा में मरीजों को टूटी व्हील चेयर पर ले जाया जा रहा है। इस वजह से मरीजों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। व्हील चेयरों की हालत ऐसी है कि रस्सी का जुगाड़ लगाकर काम चलाया है।

देखा जाए तो दूर-दराज से लोग उपचार के लिए मैडीकल कालेज अस्पताल चंबा पहुंचते हैं मगर बेहतरीन सुविधाएं न मिलने के कारण उन्हें निराश होकर निजी स्वास्थ्य केंद्रों में जाना पड़ता है। टूटी व्हील चेयर होने के कारण मरीजों को ले जाने में तीमारदारों को भी काफी परेशानी पेश आ रही है। शायद इसका मुख्य कारण यह है कि व्हील चेयर की देखभाल करने को कर्मचारियों को नियुक्त नहीं किया गया है।

तीमारदार मरीज को वार्ड या लैब में लाने के लिए व्हील चेयर का प्रयोग करते हैं। इसके बाद व्हील चेयर को एमरजैंसी वार्ड के बाहर छोड़ दिया जाता है। यहां पर व्हील चेयरों की देखभाल करने वाला कोई भी कर्मचारी मौजूद नहीं होता है। इन दिनों एमरजैंसी वार्ड के बाहर व तीसरी मंजिल में करीब आधा दर्जन व्हील चेयर टूटी हुई हैं जिनके पहिए टूट गए हैं और उन्हें कालेज प्रबंधक द्वारा रस्सियों के जुगाड़ पर चलाया गया है।

ऐसे में तीमारदारों की भी डर रहता है कि मरीज को लैब व अन्य टैस्ट करवाने को ले जाते समय कहीं वह गिर न जाए। इस समस्या को लेकर तीमारदार कई बार अस्पताल प्रबंधक को भी अवगत करवा चुके हैं, मगर अभी तक इस समस्या का कोई समाधान नहीं हो पाया है। मरीजों और तीमारदारों ने जिला प्रशासन से मैडीकल कालेज के इन हालातों को सुधारने की मांग की है।

Edited By

Simpy Khanna