यहां वर्षों से लॉक BPL सूची को अनलॉक करेगी नगर परिषद

Sunday, Sep 02, 2018 - 11:40 AM (IST)

पालमपुर : नगर परिषद पालमपुर के अंतर्गत बी.पी.एल. सूची को अनलॉक किया जाएगा। लगभग 14 वर्ष पूर्व हुए सर्वे के आधार पर बनी इस सूची को अब नए सिरे से तैयार किया जाएगा। ग्राम सभाओं की तर्ज पर वार्ड सभा कर बी.पी.एल. परिवारों का चयन किया जाएगा। पारदॢशता बनी रहे, इस हेतु सभी वार्डों में इन वार्ड सभाओं का आयोजन किए जाने का निर्णय लिया गया है।

वर्ष, 2004 में एक सर्वे के पश्चात नगर परिषद द्वारा बी.पी.एल. परिवारों का चयन किया गया था। नगर परिषद द्वारा उस समय सर्वे के पश्चात 7 वार्डों से 116 परिवारों का चयन बी.पी.एल. के लिए किया गया था। इसके पश्चात बी.पी.एल. सूची में लगभग न के बराबर ही परिवर्तन हुआ है। यद्यपि कुछेक लोगों ने स्वत: सरकारी नौकरी लगने या अन्य कारणों से अपने नाम हटाने का आवेदन किया जिसके पश्चात उनके नाम हटा दिए गए हैं।

बताया जा रहा है कि बी.पी.एल. सूची में अनेक परिवार ऐसे भी हैं जिनके पास नगर परिषद की परिधि में कोई अचल सम्पत्ति नहीं है तथा किरायेदार के रूप में रहते हुए भी उनका नाम बी.पी.एल. सूची में शामिल है। इनमें से भी कुछ लोग पालमपुर छोड़कर चले गए हैं जिसके पश्चात भी इनके नाम बी.पी.एल. सूची से हटा दिए हैं। 


पुरानी सूची को भी नए सिरे से खंगाला जाएगा
नगर परिषद में कुल 116 बी.पी.एल. परिवारों में से 34 के नाम बी.पी.एल. सूची से हटा दिए हैं, अब इनके स्थान पर नए परिवारों का चयन किया जाना है, वहीं पुरानी सूची को भी नए सिरे से खंगाला जाएगा। सूत्रों की माने तो नगर परिषद में कुछेक परिवार वर्तमान में ऐसे भी हैं जिनके पास पक्के मकान तथा वाहन तक हैं। वार्ड सभाओं के आयोजन के दौरान इन परिवारों को बी.पी.एल. सूची से बाहर किया जा सकता है। हाल ही में पंचायतों में आयोजित ग्राम सभाओं में पक्के मकान व चौपहिया वाहन युक्त परिवारों को बी.पी.एल. सूची से बाहर कर दिया गया था। बताया जा रहा है कि इसी तर्ज पर नगर परिषद भी बी.पी.एल. परिवारों के लिए मानक तय करने जा रही है।

kirti