‘चोर मचाए शोर’ वाली पार्टी है कांग्रेस: प्रेम कुमार धूमल

Monday, Sep 17, 2018 - 12:05 PM (IST)

सुजानपुर (अश्विनी): पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने कांग्रेस पार्टी को ‘चोर मचाए शोर’ वाली पार्टी की संज्ञा दी है। उन्होंने कहा कि खुद गलत काम करते हैं, फिर उसी गलत काम का ढिंढोरा यह पार्टी पिटती है, जो सही नहीं है। सुजानपुर विश्रामगृह में आयोजित पत्रकारवार्ता में पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि पैट्रोल पदार्थों को लेकर आए दिन कांग्रेस सरकार हल्ला मचा रही है लेकिन आज अगर पैट्रोल पदार्थों के दाम बढ़ रहे हैं तो इसके लिए कांग्रेस सरकार ही दोषी है। क्योंकि उनके ही शासनकाल में पैट्रोल पदार्थ के रोजाना भाव कम-ज्यादा करने का प्रावधान किया गया था। 

धूमल ने कहा कि निजी बस आप्रेटरों ने किराया बढ़ौतरी के लिए जो हड़ताल की थी इस पर प्रदेश सरकार ने अभी कोई फैसला लागू नहीं किया है। उन्हें आशा है कि सरकार जो भी फैसला लेगी वह जन हितैषी फैसला होगा। पूर्व मुख्यमंत्री ने सुजानपुर प्रशासन एवं विशेष रूप से एस.डी.एम. शिवदेव सिंह एवं उनकी टीम का धन्यवाद करते हुए कहा कि बारिश प्रभावित सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र के लोगों को अभी तक 10 लाख रुपए से ज्यादा राहत राशि बांटी जा चुकी है, जिसके लिए सुजानपुर प्रशासन की टीम काबिले तारीफ है। 

उन्होंने कहा कि हाल ही में देश की राजधानी दिल्ली में भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक 2 दिनों तक चली जिसमें उन्होंने शिरकत की, वहां पर लोकसभा चुनावों की तैयारी को लेकर अपना बूथ सबसे मजबूत का नारा दिया गया है। इसके तहत ही लोकसभा चुनावों की तैयारी होगी और यह वही नारा है जिसके दम पर एक बार पुन: देश की बागडोर नरेंद्र मोदी संभालेंगे। उन्होंने कहा कि 2019 के लोकसभा चुनावों में नरेंद्र मोदी को दूसरी बार प्रधानमंत्री पद पर बैठने से कोई नहीं रोक सकता है। अपना बूथ सबसे मजबूत नारे को अपनाकर 2019 की लड़ाई जीती जाएगी।

Ekta