घर से बारात लेकर निकलने को तैयार था दूल्हा, अचानक आ धमके बिन बुलाए मेहमान

Thursday, Feb 06, 2020 - 04:01 PM (IST)

नाहन: घर पर विवाह की सारी तैयारी हो चुकी थी। दूल्हा अपनी दुल्हन को लेने के लिए बारात लेकर निकल ही रहा था कि अचानक उसके घर पर बिन बुलाए मेहमान पहुंच गए, जिन्हें देख दूल्हे का परिवार व रिश्तेदारों के बीच हड़कंप मच गया। दूल्हे के घर पहुंचे बिन बुलाए मेहमान और कोई नहीं चाइल्ड लाइन सिरमौर की टीम थी जो बाल विवाह को रोकने आई थी। आमतौर पर बाल विवाह के मामलों में लड़की कम उम्र की और लड़का ज्यादा उम्र का निकलता है लेकिन यहां लड़का कम उम्र का निकला और लड़की की उम्र उससे ज्यादा थी। मामला रेणुका विधानसभा के दुर्गम क्षेत्र से जुड़ा है।

चाइल्ड लाइन को 1098 पर मिली थी बाल विवाह की सूचना

जानकारी के अनुसार चाइल्ड लाइन को 1098 के माध्यम से मामले की जानकारी मिली थी कि रेणुका विधानसभा की एक पंचायत में एक नाबालिग लड़के की शादी हो रही है। मामले की जानकारी मिलते ही 5 फरवरी की रात रेणुका पुलिस थाना में डीडी एंट्री करवाई। इसके बाद टीम ने रात को ही 12 बजे लड़के के घर का दौरा किया। टीम ने पाया कि लड़का बारात ले जाने के लिए तैयार हो गया था। टीम ने लड़के के माता-पिता से उसका आयु प्रमाण मांगा। लड़के की स्कूल प्रमाणपत्र में उम्र 18 वर्ष पाई गई। इसके टीम ने लड़के के माता-पिता से इस मामले में बात की और उनको बाल विवाह के बारे में बताया।

लड़के के माता-पिता बोले-नहीं जानते शादी के लिए कितनी होनी चाहिए उम्र

लड़के के माता-पिता का कहना था कि उन्हें यह पता नहीं था कि शादी के लिए लड़के की उम्र कितनी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि वह शादी नहीं करेंगे। लड़के के माता-पिता को समझाने के बाद शादी रोक दी गई। चाइल्ड लाइन की काऊंसलर विनीता ठाकुर ने बताया कि लड़के को बाल कल्याण समिति के सामने पेश किया गया है। उन्होंने बताया कि लड़की की उम्र 24 वर्ष थी जबकि लड़का 18 वर्ष का है। उन्होंने बताया कि टीम के प्रयासों के बाद बाल विवाह रोक दिया है।

Vijay