चाइल्ड लाइन कांगड़ा ने विवाह की बलिवेदी चढऩे से बचाई नाबालिग लड़की

Friday, Feb 17, 2017 - 12:14 AM (IST)

धर्मशाला: चाइल्ड लाइन कांगड़ा द्वारा बाल विवाह की बलिवेदी चढऩे वाली एक नाबालिग लड़की को बचा लिया। गुप्त सूचना के आधार पर मिली जानकारी पर जांच-पड़ताल करने के बाद सूचना पुख्ता पाई गई, इसके बाद संस्था द्वारा स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों की अध्यक्षता में होने वाले उक्त बाल विवाह को रुकवाया गया। जानकारी के अनुसार चाइल्ड लाइन कांगड़ा के कार्यालय में एक गुप्त फोन द्वारा सूचना मिली कि जिला के इंदौरा ब्लाक में एक नाबालिग लड़की की शादी इसी माह होने वाली है। सूचना मिलने के बाद संस्था द्वारा जांच-पड़ताल की गई। जांच-पड़ताल में संस्था के समन्वयकों सहित स्थानीय पंचायत सदस्यों व प्रधान की मौजूदगी में लड़की के माता-पिता को बुलाया गया। इसके बाद नाबालिग लड़की के स्कूल में जाकर उसकी सही उम्र का पता लगाया गया। स्कूल सर्टीफिकेट के आधार पर लड़की को नाबालिग पाया गया। संस्था तथा स्थानीय पंचायत के दबाव के बाद इस बाल विवाह को टाल दिया गया। 

1098 पर करें शिकायत
चाइल्ड लाइन कांगड़ा द्वारा जिला के लोगों से अपील की है कि वे 18 वर्ष से कम आयु की लड़की की शादी करवा कर कानून के अपराधी न बनें। संस्था के अनुसार कई बार ग्रामीण गुपचुप तरीके से नाबालिग लड़कियों की शादी करवा देते हैं जोकि एक अपराध है। संस्था ने आग्रह किया कि बाल विवाह की स्थिति में लोग चाइल्ड लाइन के टोल फ्री नंबर 1098 पर शिकायत कर सकते हैं ताकि बाल विवाह को रोका जा सके।

18 साल पूर्ण होने के बाद ही करवाएंगे शादी
चाइल्ड लाइन कांगड़ा तथा पंचायत सदस्यों की दखलअंदाजी के बाद फरवरी माह के अंत में होने वाले विवाह को टाल दिया गया। वहीं लड़की के परिजनों को भी लड़की की आयु 18 वर्ष पूर्ण करने के बाद ही शादी करवाने के लिए कहा गया, जिस पर लड़की के माता-पिता ने लिखित तौर पर दिया है कि वे अपनी लड़की की शादी 18 वर्ष की आयु पूर्ण होने के बाद ही करेंगे, तब तक वे उसकी शिक्षा सुचारू रखेंगे।