राजनीतिक दबाव में मुख्यमंत्री ने अंतिम समय में बदला निर्णय: विक्रमादित्य

Thursday, Oct 11, 2018 - 10:38 AM (IST)

शिमला (राक्टा): विधायक विक्रमादित्य सिंह ने शिमला टी-20 किक्रेट टूर्नामैंट के शुभारंभ पर सी.एम. जयराम ठाकुर के न आने पर कहा कि शायद उन्होंने अपना निर्णय किसी राजनीतिक दबाव के चलते अंतिम समय पर बदला होगा। उन्होंने कहा कि सी.एम. ने इस समारोह में मुख्यातिथि के तौर पर आने को अपनी मंजूरी दी थी और उस अनुसार तैयारियों को अमलीजामा पहनाया गया था लेकिन अंतिम समय में सी.एम. का कार्यक्रम बदल गया। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि यदि सी.एम. टूर्नामैंट के शुभारंभ अवसर पर शिरकत करते तो इसका एक बड़ा संदेश प्रदेश को जाता और युवा और अधिक उत्साहित होते। 

उन्होंने कहा कि वैसे यहां उत्साह की कोई कमी नजर नहीं आ रही लेकिन मुख्यमंत्री के यहां न आने से एक संदेश जरूर गया होगा कि सी.एम. के न आने के पीछे कोई राजनीतिक दबाव ही रहा होगा। विक्रमादित्य सिंह ने मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में कहा कियदि मुख्यमंत्री यहां आते तो प्रदेश में एक साफ-सुथरा संदेश जाता कि वह पूरे प्रदेश को एक मानते हैं, चाहे विधायक कांग्रेस या किसी अन्य पार्टी का ही क्यों न हो। उन्होंने कहा कि यह कोई राजनीतिक कार्यक्रम नहीं था। युवाओं को नशे के प्रति आगाह करने के उद्देश्य से खेल का आयोजन है। उनका कहना था कि कुछ आयोजन पार्टी विचारधारा से ऊपर उठकर किए जाते हैं, जो कि समाज सेवा को समर्पित होते हैं। इस टूर्नामैंट को राजनीति से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए।

धरी की धरी रह गईं स्वागत की तैयारियां
संघ ने मुख्यमंत्री के स्वागत की पूरी तैयारियां कर रख थीं जोकि सी.एम. के कार्यक्रम में फेरबदल हो जाने के चलते धरी की धरी रह गईं। स्वागत तैयारियों के लिए 2 दिन से बैठकों का दौर चला हुआ था। 

Ekta