रोहतांग दर्रे में बदला मौसम, सैलानियों को White Christmas की उम्मीद बंधी

Monday, Dec 24, 2018 - 10:45 AM (IST)

मनाली (ब्यूरो): रोहतांग दर्रे सहित मनाली की ऊंची चोटियों पर रविवार को हिमपात का दौर शुरू हो गया, ऐसे में मनाली घूमने आए सैलानियों को व्हाइट क्रिसमस की उम्मीद भी बंध गई है। एक तरफ मनाली के मौसम में हुए बदलाव से जहां शीतलहर का प्रकोप बढ़ गया है, वहीं घाटी में सैलानियों की चहलकदमी भी बढ़ना शुरू हो गई है। रविवार सुबह रोहतांग दर्रे पर मौसम ने करवट ली और दर्रे पर हल्के हिमपात का दौर शुरू हो गया। क्रिसमस से पहले मनाली में बदले मौसम ने कारोबारियों को खुश कर दिया है। पर्यटन कारोबारियों का कहना है कि अगर मौसम का मिजाज ऐसा ही बना रहा तो मनाली में इस बार व्हाइट क्रिसमस देखने को मिलेगा। 

मनाली में क्रिसमस व न्यू ईयर मनाने के लिए पहुंच रहे देश-विदेश के सैलानियों से जहां मनाली में होटलों में सैलानियों की ऑक्यूपैंसी भी 80 फीसदी पहुंच चुकी है। वहीं होटल कारोबारियों को आगामी 2 दिन के भीतर मनाली के होटलों में सैलानियों की ऑक्यूपैंसी 95 फीसदी पहुंचने की उम्मीद है। मनाली के ठंडे मौसम में सैलानी जमकर मौज-मस्ती कर रहे हैं। पर्यटन कारोबारी शोभा, विजय व रॉकी का कहना है कि रविवार को जहां मनाली की ऊंची चोटियों पर हल्का हिमपात हुआ है वहीं उम्मीद की जा रही है कि इस बार मनाली में सैलानियों को व्हाइट क्रिसमस देखने को मिलेगा।

लाहौल-स्पीति में लोगों की हालत खराब

नजातीय जिला लाहौल-स्पीति में भी मौसम रविवार को खराब रहा। यहां पर भी आसमान में बादल छाए रहे, जबकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्का हिमपात दर्ज किया गया है। लाहौल-स्पीति में मौसम के खराब होते ही यहां पहले से ही माइनस में चल रहे तापमान में और गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों की हालत और खराब हो गई है। हालांकि लाहौल-स्पीति के लिए प्रदेश सरकार ने हवाई उड़ानों की व्यवस्था कर दी है, लेकिन खराब मौसम के आगे चौपर भी लाचार दिखाई दे रहा है।
 

Ekta