​Chamba: खाद्य सुरक्षा विभाग अलर्ट...20 किलो खराब मिठाइयां करवाईं नष्ट, 10 सैंपल भरे

punjabkesari.in Tuesday, Nov 03, 2026 - 08:44 PM (IST)

चम्बा (काकू): चम्बा जिले में फैस्टीवल सीजन में बिक रही मिठाइयों व अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है। मंगलवार को विभाग की टीम ने भटियात के चुवाड़ी में दुकानों में दबिश दी। इस दौरान विभिन्न खाद्य वस्तुओं के 10 नमूने (सैंपल) लिए गए। इनमें बेसन 3 नमूने, बेसन पिन्नी 2, गुलाब जामुन, बर्फी, खुला पनीर, रसगुल्ला और मोतीचूर के लड्डू के 1-1 सैंपल शामिल हैं। इन नमूनों को जांच के लिए सोलन और पंचकूला (हरियाणा) स्थित प्रयोगशालाओं में भेजा जाएगा।

जांच रिपोर्ट में नमूने मानकों पर खरा नहीं उतरते हैं तो 'खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006' के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी। वहीं टीम ने इस दौरान लगभग 20 किलो खराब मिठाइयों को मौके पर ही नष्ट करवाया। विभाग को भटियात क्षेत्र में मिलावटी व गुणवत्ताहीन मिठाइयां बेचने की शिकायत मिली थी। इस पर विभाग की टीम ने एफएसओ सुगंधि कौंडल की अगुवाई में क्षेत्र की दुकानों का औचक निरीक्षण किया और संदेह के आधार पर कुछ दुकानों में मिठाइयों के सैंपल भरे। इसके अलावा मिठाइयां नष्ट भी करवाईं। इस मौके पर भुवन चौहान, चैन लाल और मोहित कुमार मौजूद रहे।

खाद्य सुरक्षा विभाग के सहायक आयुक्त दीपक आनंद ने बताया कि निरीक्षण के दौरान विक्रेताओं और दुकानदारों, विशेष रूप से मिठाई की दुकानों के मालिकों को चेतावनी दी गई है कि वे आम जनता को केवल सुरक्षित और अच्छी गुणवत्ता वाली खाद्य सामग्री ही बेचें या प्रदर्शित करें। साथ ही मिठाइयां बनाते समय खाद्य रंगों का उपयोग केवल निर्धारित सीमा के भीतर ही करें। उन्होंने कहा कि गुणवत्ताहीन मिठाइयां बेचकर लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वालों को किसी सूरत में नहीं बख्शा जाएगा। विभाग का निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहा।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News