चम्बा के देवाशीष का अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन, उज्बेकिस्तान में दिखाएगा प्रतिभा

punjabkesari.in Wednesday, Sep 01, 2021 - 11:10 PM (IST)

चम्बा (काकू): जिला चम्बा के देवाशीष जंदरोटिया का अंतर्राष्ट्रीय बॉडी बिल्डिंग एंड फिजिक प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। उनका चयन राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के बाद हुआ है। यह प्रतियोगिता 29 अगस्त को चंडीगढ़ में संपन्न हुई थी। भारत सरकार के युवा सेवाएं एवं खेल मंत्रालय की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता में देशभर के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इसके बाद 2 प्रतिभागियों का अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है।

अक्तूबर माह के पहले हफ्ते में होगी प्रतियोगिता

यह प्रतियोगिता उज्बेकिस्तान में अक्तूबर माह के पहले हफ्ते में होगी। इसमें चम्बा के 29 वर्षीय देवाशीष जंदरोटिया भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। इसके लिए उन्होंने अभ्यास शुरू कर दिया है। देवाशीष के पिता का देहांत हो चुका है। उनकी माता राजकुमारी सेवानिवृत्त शिक्षिका हैं। उन्होंने बताया कि देवाशीष को बचपन से ही बॉडी बिल्डिंग का शौक था। इसके लिए वह काफी मेहनत भी कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि देवाशीष की प्रारंभिक शिक्षा बाल विद्यालय चम्बा से हुई है। इसके बाद चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी से उन्होंने बीसीए की पढ़ाई की।

2017 व 2019 में 2 बार मिस्टर चंडीगढ़ चुना

वर्ष 2017 व 2019 में 2 बार देवाशीष जंदरोटिया को मिस्टर चंडीगढ़ चुना गया। 2017 में ही उन्हें मिस्टर ट्राई सिटी का भी खिताब मिल चुका है। 2019 में मिस्टर इंडिया प्रतियोगिता में वह टॉप-10 में जगह बनाने में कामयाब रहे। उन्होंने कहा कि देवाशीष बॉडी बिल्डिंग व फिजिक स्पोर्ट्स में अपना करियर बनाना चाहते हैं। इसके लिए उन्हें पूरा सहयोग दिया जा रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि उज्बेकिस्तान में होने वाली अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता में वह भारत के लिए मैडल जरूर लेकर आएंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News