नग्न अवस्था में मिला महिला का शव, क्षेत्र में फैली सनसनी

Monday, Jun 26, 2017 - 05:54 PM (IST)

चम्बा : चम्बा के उपमंडल चुराह में एक महिला का नग्र अवस्था में शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मैडीकल कालेज चम्बा पहुंचाया जहां से महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए टांडा रैफर कर दिया गया है। पुलिस थाना तीसा में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज करके जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले की पुष्टि ए.एस.पी. चम्बा वीरेंद्र सिंह ने की है। जानकारी के अनुसार 44 वर्षीय नारो पत्नी पोरखा राम निवासी गांव वघेना पंचायत सपरोठ रविवार को किसी काम से पंचायतघर गई हुई थी तथा वहां से वह अपनी बेटी से मिलने के लिए उसकी ससुराल चली गई। शाम को उक्त महिला अपनी बेटी के ससुराल से अपने घर को वापस लौट आई लेकिन वह अपने घर नहीं पहुंची। इस पर जब घरवालों ने नारो के बारे में पता लगाने के लिए अपने स्तर पर प्रयास किए तो उन्हें यह जानकारी मिली कि वह अपने बेटी की ससुराल से अपने घर को निकल गई थी। इस पर घरवालों ने अपने रिश्तेदारों व ग्रामीणों के साथ मिलकर नारो देवी की तलाश शुरू कर दी। गांव से कुछ दूरी पर मौजूद नाले में नारो का शव पूरी तरह से नग्र अवस्था में मिला। इस पर घरवालों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया। जिस पर थाना तीसा के तहत पुलिस टीम ने मौके पर पहुंच कर हालात का जायजा लेते हुए शव को अपने कब्जे में ले लिया। 

सिर पर चोट का निशान, शव के पास एक डंडा भी बरामद हुआ
पुलिस के अनुसार महिला के सिर पर चोट का निशान पाया गया है तो साथ ही महिला के शव के पास एक डंडा भी बरामद हुआ है। जिससे यह आभास होता है कि उक्त महिला के सिर पर उसी डंडे के साथ बार किया गया है। पुलिस ने मौके पर मिले साक्ष्यों के आधार पर उक्त मामले को भारतीय दंड संहिता की धारा 302 के तहत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ए.एस.पी. चम्बा वीरेंद्र सिंह का कहना है कि महिला के साथ दुष्कर्म हुआ है या नहीं, इसके बारे में फिलहाल पुख्ता तौर पर तो कुछ नहीं कहा जा सकता है लेकिन हालातों को मद्देनजर रखते तो यह प्रतीत होता है कि महिला के साथ दुष्कर्म किया गया होगा और इसके बाद उसकी हत्या की गई होगी। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मैडीकल कालेज चम्बा पहुंचाया जहां से शव को पोस्टमार्टम के लिए टांडा मैडीकल कालेज रैफर कर दिया गया है। दूसरी तरफ पुलिस ने इस मामले को हत्या के तहत दर्ज कर जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है।