बर्फबारी के चलते चम्बा-जोत-चुवाड़ी मार्ग अवरुद्ध, मिनी स्विट्जरलैंड में पर्यटकों ने बर्फ में कीं अठखेलियां

Friday, Jan 13, 2023 - 09:42 PM (IST)

चम्बा (काकू/रणवीर): बर्फबारी के चलते चम्बा-जोत-चुवाड़ी मार्ग यातायात के लिए अवरुद्ध हो गया है। जोत में करीब 1 फुट हिमपात दर्ज किया गया है। मार्ग बंद होने की सूचना मिलते ही सुबह ही लोक निर्माण विभाग की जेसीबी व लेबर सड़क से बर्फ हटाने में जुट गई। देर शाम तक मार्ग को छोटे वाहनों के लिए तो खोल दिया है लेकिन बस व अन्य बड़े वाहनों के लिए शनिवार को मार्ग बहाल होगा। बता दें कि शुक्रवार को सुबह से ही मौसम खराब था और जिला मुख्यालय समेत निचले क्षेत्रों में बारिश हो रही थी जबकि भरमौर, पांगी, चुराह, सलूणी व डल्हौजी में बर्फबारी का क्रम जारी है। इससे तापमान में काफी गिरावट आई है। कई क्षेत्रों में तो पारा शून्य से नीचे चला गया है। इससे जिले में ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार शनिवार से 18 जनवरी तक मौसम साफ रहने के आसार हैं। 

खजियार में करीब 6 इंच ताजा हिमपात
उधर, मिनी स्विट्जरलैंड के नाम से विख्यात खजियार में पर्यटकों ने बर्फ में जमकर अठखेलियां कीं। शुक्रवार को खजियार में पर्यटकों की काफी भीड़ रही। पर्यटकों ने खजियार झील व आसपास जमकर मस्ती की। वीरवार शाम को ही कुछ पर्यटक खजियार पहुंच गए थे। शुक्रवार को सुबह जब उठे तो चारों तरफ बर्फ देखकर खुशी से झूम उठे। खजियार में करीब 6 इंच तक ताजा हिमपात हो चुका है। इस कारण चम्बा-खजियार मार्ग सुबह 8 बजे बंद हो गया था लेकिन लोग निर्माण विभाग की टीम ने दोपहर 12 बजे तक मार्ग को यातायात के लिए बहाल कर दिया। 

भड़ेला व जोत में फंसीं एचआरटीसी की 2 बसें
बर्फबारी व बारिश से एचआरटीसी के 2 रूट प्रभावित हुए हैं। वीरवार देर शाम चम्बा डिपो की भड़ेला व जोत रूट पर गई बसें बर्फबारी के कारण फंसी रहीं। हिमाचल पथ परिवहन निगम की चुवाड़ी से वीरवार रात पहुंची एक बस के अलावा कई छोटे वाहनों के पहिए थम गए हैं। बर्फ  के कारण इस सड़क मार्ग पर वाहन चलाना खतरनाक है। ऐसे में कई चालक अपने वाहनों के साथ यहां फंस कर रह गए हैं। बहरहाल निगम की एक बस के अलावा कई छोटे वाहन यहां फंसे हुए हैं। कड़ाके की ठंड में पथ परिवहन निगम के कर्मचारी तथा निजी वाहनों के चालक लोहड़ी के बावजूद घरों तक नहीं पहुंच पाए बाकी अन्य सभी रूटों की बसें समय रहते वापस आ गईं। उधर, एचआरटीसी चम्बा के क्षेत्रीय प्रबंधक साहिल ने बताया कि एचआरटीसी की सेवा मौसम के हालात पर ही निर्भर करती है। भरमौर, होली, मार्ग आवाजाही के लिहाज से संवेदनशील हैं। यहां चालकों को सावधानी बरतने व जोखिम न उठाने के निर्देश दिए गए हैं। वीरवार शाम को भड़ेला व जोत रूट पर गई बसें बर्फबारी के कारण फंसी हैं। 

26 सड़कें यातायात के लिए बहाल, 14 मार्ग बंद पड़े
मौसम के कड़े तेवरों ने लोगों की दुश्वारियां बढ़ा दी हैं। जिले में हुई भारी बर्फबारी व बारिश से कई इलाकों में बिजली गुल हो गई है। इससे अंधेरा पसरा हुआ है। वहीं सड़कें बंद होने से वाहनों के पहिए थम गए हैं। लोगों को आवागमन में मुश्किलें पेश आ रही हैं। बर्फबारी व बारिश के कारण जिला चम्बा में 40 मार्ग यातायात के लिए अवरुद्ध हुए। इसमें से 26 सड़कों को शुक्रवार देर शाम तक बहाल कर दिया गया है, लेकिन 14 मार्ग अब भी बंद पड़े हुए हैं। इन सड़कों को खोलने में अभी समय लग सकता है। इसमें तीसा में सबसे ज्यादा 8 सड़कें अवरुद्ध पड़ी हैं। इसके अलावा सलूणी में 4 और डल्हौजी तथा पांगी में 1-1 सड़क बंद है। उधर, बर्फबारी से जिलेभर में 77 ट्रांसफार्मर ठप्प हो गए। बिजली बोर्ड ने 29 ट्रांसफार्मरों को तो जैसे-तैसे चालू कर दिया है लेकिन 48 ट्रांसफार्मर अब भी बंद पड़े हुए हैं, जिन्हें दुरुस्त करने में अभी समय लग सकता है। इनमें तीसा में सबसे अधिक 28 ट्रांसफार्मर बंद पड़े हुए हैं। इसके अलावा चम्बा में 9, भरमौर में 8 और भटियात में 3 ट्रांसफार्मर बंद हैं।

मुख्य मार्ग वाहनों के लिए खुले
पठानकोट-चम्बा-भरमौर एनएच यातायात के लिए खुला है। इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही हो रही है। इसके अलावा चम्बा-सलूणी, चम्बा-तीसा समेत मुख्य मार्गों पर शुक्रवार को वाहन सुचारू रूप से चलते रहे। लोक निर्माण विभाग मंडल चम्बा के अधिशासी अभियंता जीत सिंह ठाकुर ने कहा कि चम्बा-खजियार मार्ग वाहनों की आवाजाही हो रही है। वहीं जोत मार्ग को  देर शाम तक छोटे वाहनों के लिए खोल दिया है। बड़े वाहनों के लिए शनिवार को बहाल कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इन दोनों मार्गों पर बर्फबारी में वाहन चलाना जोखिम भरा होता है, ऐसे में पर्यटक सावधानीपूर्वक ही वाहन चलाएं। 

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay