भूकंप से लोगों में दहशत, 3 दिन में 23 बार कांपी धरती, मकान में आईं दरारें

Monday, Mar 30, 2020 - 09:03 PM (IST)

चम्बा, (काकू): जिला चम्बा में बार-बार आ रहे भूकंप से लोग दहशत में हैं। पिछले 3 दिन में करीब 23 बार भूकंप के झटके महसूस किए गए। इससे लोग काफी सहमे हुए हैं। रविवार रात को करीब 11:48 मिनट पर भूकंप का जोरदार झटका महसूस किया गया। इसकी तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 4.5 आंकी गई है। इसका केंद्र जमीन से 10 किलोमीटर नीचे चम्बा रहा। भूकंप का यह झटका इतना जोरदार था कि कई लोगों के घरों में दरारें आ गई हैं। इसके अलावा लोग अपने बिस्तरों से उठ गए और घरों से बाहर निकल गए। इसके बाद काफी देर तक लोग सो नहीं पाए। हर कोई अपने व अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर ङ्क्षचतित दिखा। स्थानीय निवासी जसबीर नागपाल ने बताया कि भूकंप के कारण उनके घर की दीवारों में दरारें आ गई हैं। इससे मकान गिरने का खतरा पैदा हो गया है। उनका कहना है कि भूकंप से पूरा मकान हिलने लगा। जब सुबह देखा तो उनके घर की दीवारों में दरारें आ गई थीं। स्थानीय निवासी सुरेश कुमार, राजेंद्र, विकास, अनीश, रमेश, पंकज व इस्माइल आदि ने बताया कि पिछले 3 दिन से जिला में लगातार भूकंप के झटके महसूस किए जा रहे हैं।

डीसी विवेक भाटिया ने फेसबुक पर भूकंप के बारे में जानकारी दी

रविवार रात को आया भूकंप काफी खौफनाक था। उन्होंने कहा कि कुछ सैकेंड और यह भूकंप रहता तो अनहोनी हो सकती थी। डीसी विवेक भाटिया ने अपने फेसबुक पेज पर भूकंप के बारे में जानकारी दी है, साथ ही उन्होंने फेसबुक पर एक पोस्ट शेयर की है, जिसमें लोगों से पूछा है कि पिछले 3 दिन में जिला में कितनी बार भूकंप आया। इस पर लोगों ने अपनी-अपनी राय दे दी है लेकिन अधिकतर लोगों ने बताया कि 7 बार भूकंप के झटके महसूस किए। बाद में डीसी ने कमैंट करके बताया कि इस अवधि मेंकुल 23 बार भूकंप के झटके महसूस किए गए, साथ ही उन्होंने भूकंप से बचाव के लिए भी लोगों को सतर्क किया है। डीसी विवेक भाटिया ने बताया कि भूकंप से जिलाभर में किसी तरह के जानमाल के नुक्सान की सूचना नहीं मिली है। पिछले 3 दिन से भूकंप के लगातार झटके महसूस किए जा रहे हैं।

Kuldeep