धूमल पार्टी की धरोहर तो वीरभद्र के खिलाफ बोलने की मेरी हैसियत नहीं

Monday, Dec 17, 2018 - 06:05 PM (IST)

चम्बा (विनोद): पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल को भाजपा कभी नजर अंदाज नहीं कर सकती है क्योंकि उन्होंने 2 बार प्रदेश का बतौर मुख्यमंत्री नेतृत्व किया है तो आज भी पार्टी के प्रत्येक कार्यकत्र्ता के साथ उनका संवाद है। भाजपा अपने वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन में आने वाले लोकसभा चुनावों में उतरेगी और प्रदेश की चारों लोकसभा सीटों में विजय प्राप्त करेगी। यह बात प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ उपाध्यक्ष, कांगड़ा-चम्बा भाजपा प्रभारी एवं कांगड़ा को-आप्रेटिव बैंक के अध्यक्ष डा. राजीव भारद्वाज ने अपने चम्बा प्रवास के दौरान विशेष भेंटवार्ता में कही। उन्होंने कहा कि धूमल हमारी पार्टी की धरोहर है, वहीं पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को लेकर पूछे गए कुछ सवालों से बचते हुए डा. भारद्वाज ने कहा कि मेरी इतनी हैसियत नहीं है कि मैं उन पर कुछ टिप्पणी कर सकूं। डा. राजीव भारद्वाज ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस वीरभद्र व खुक्खू के गुट में बंटी हुई है। वीरभद्र सिंह कई बार सार्वजनिक रूप से बयान दे चुके हैं कि वह खुक्खू को पार्टी का प्रदेशाध्यक्ष नहीं मानते हैं। सुक्खू व वीरभद्र सिंह के बीच चल रही लड़ाई से नि:संदेह भाजपा को लाभ मिलेगा।

चम्बा में सीमैंट प्लांट बारे शांता कुमार गंभीर

डा. भारद्वाज ने कहा कि जहां तक जिला चम्बा के सिकरीधार सीमैंट प्लांट की बात है तो शांता इस विषय पर गंभीर हैं। सीमैंट प्लांट को लेकर शांता कुमार ने पूर्व सरकार से लेकर वर्तमान सरकार के समक्ष इस विषय को उठाया है। पूर्व सरकार के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के समक्ष शांता ने स्वयं मामला उठाया था तो वर्तमान जयराम सरकार को भी इस दिशा में प्रभावी कदम उठाने के लिए कहा है। जयराम सरकार अब सिकरीधार के प्रस्तावित सीमैंट प्लांट स्थल तक सड़क निर्माण करने जा रही है। अगले चंद माह में यह कार्य पूरा हो जाएगा।

 

Kuldeep