नाहन नगर परिषद की अध्यक्ष ने दिया इस्तीफा, जानिए किसे मिलेगी कुर्सी

Saturday, Dec 15, 2018 - 09:00 PM (IST)

नाहन: नगर परिषद नाहन के अध्यक्ष पद पद को लेकर हुए समझौते के तहत करीब 4 माह बाद नप अध्यक्ष ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। अब समझौते के अनुसार पार्षद रेखा तोमर अध्यक्ष पद संभालेंगी। गौरतलब है कि वर्ष, 2016 में हुए नगर परिषद के चुनाव के बाद भाजपा ने अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया था। उस दौरान पार्टी के बड़े नेताओं ने पार्षदों को एक मंच पर एकत्रित करने के लिए 2 वरिष्ठ भाजपा नेत्रियों के बीच अढ़ाई-अढ़ाई साल अध्यक्ष पद पर काबिज होने का समझौता करवाते हुए मामला सुलझाया था लेकिन अढ़ाई साल बीतने के बाद भी मौजूदा अध्यक्ष पद पर काबिज अध्यक्ष द्वारा इस्तीफे में की गई देरी को लेकर अलग-अलग कयास लगाए जा रहे थे।

इस्तीफा सौंपकर कयासों पर लगाया विराम

शनिवार को जिला भाजपा अध्यक्ष विनय गुप्ता के नेतृत्व में अध्यक्ष अनीता शर्मा ने उपाध्यक्ष अविनाश गुप्ता को इस्तीफा सौंपकर इस पर विराम लगा दिया है। नप अध्यक्ष ने कहा कि उन्हें अध्यक्ष पद पर भाजपा पार्षदों व विधानसभा अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल ने बिठाया था। आज पार्टी एवं विधानसभा अध्यक्ष के आदेशानुसार अपने पद से त्याग पत्र देती हूं ताकि पार्टी में किसी भी प्रकार का विरोधाभास न रहे। पत्रकार सम्मेलन में उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान शहर को स्वच्छ व सुंदर बनाने के लिए कड़ी मेहनत की। इसके अलावा शहर की ऐतिहासिक धरोहरों व पार्कों की दशा सुधारी गई है। 

नप में अध्यक्ष पद में परिर्वतन पार्टी का आंतरिक मामला

भारतीय जनता पार्टी सिरमौर के अध्यक्ष विनय गुप्ता ने कहा कि नगर परिषद में अध्यक्ष पद में परिर्वतन करना पार्टी का आंतरिक मामला है। नप चुनाव जीतने के बाद प्रधान पद के लिए फार्मूला तैयार हुआ था, जिसके तहत अढ़ाई साल के लिए अनीता शर्मा को अध्यक्षा बनाया गया था। अब रेखा तोमर को नप की कमान सौंपी जाएगी।

Vijay