सेंट्रल यूनिवर्सिटी के शिलान्यास की तारीख तय, CM ने निभाया वादा (Video)

Friday, Oct 26, 2018 - 06:20 PM (IST)

धर्मशाला (नृपजीत निप्पी): कांगड़ा जिले के एक दिवसीय दौरे पर धर्मशाला आए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने केंद्रीय विश्वविद्यालय यानी सीयू भवन देने का वादा कर लोकसभा चुनाव में भाजपा की स्थिति मजबूत करने का प्रयास किया है। केंद्रीय विश्वविद्यालय अब हवा नहीं जमीन पर होगा और इसके लिए प्रदेश सरकार की औपचारिकताएं अंतिम चरण में हैं। मुख्यमंत्री ने नवंबर में भवन का शिलान्यास करने का वादा किया है। यह भी साफ किया कि इसके फिलहाल दो परिसर एक धर्मशाला तो दूसरा देहरा में बनेगा। 

वर्षो से अधर में रहा सीयू का मुद्दा भाजपा सरकार के लिए इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि कांग्रेस भी कहीं न कहीं इसका श्रेय लेने से पीछे नहीं है। ऐसे में अब भाजपा सरकार की यही कोशिश होगी कि लोकसभा चुनाव से पहले धर्मशाला व देहरा को सीयू भवन की सौगात देकर कांगड़ा-हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के मतदाताओं को भी साथ जोड़कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को और मजबूत बनाया जा सके। मुख्यमंत्री ने कांगड़ा संसदीय क्षेत्र के चंबा में सांसद शांता कुमार के ड्रीम प्रोजेक्ट सीमेंट उद्योग को भी पंख लगाने की बात कही है। चंबा में सीमेंट उद्योग की स्थापना शांता कुमार का सपना भी रहा है, जिसे मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बयां भी किया है।

सीमेंट उद्योग लगाने के लिए आड़े आ रही सड़क की बाधा को भी दूर करने के लिए सरकार ने कदम उठाने की बात कही है। मुख्यमंत्री ने निचले क्षेत्र के शीतकालीन प्रवास को लेकर भी स्पष्ट किया कि सरकार पुरानी रिवायत को निभाते हुए प्रवास पर रहेगी। स्मार्ट सिटी के विकास को आगे बढ़ाने के लिए विरोधियों पर तंज कसते हुए कहा कि अब यह नौसिखिया नहीं, अपने पैरों पर खड़ी भाजपा सरकार पूरी तरह से सक्षम है। कार्यकाल के दौरान प्रदेश सरकार केंद्र से करोड़ों की सहायता लेने में सफल हुई है। इस बारे जब जिला कांगड़ा कांग्रेस प्रवक्ता जितेन्द्र शर्मा से बात की गई तो उन्होंने कहा कि केंद्रीय विश्वविद्यालय का तोहफा यूपीए सरकार ने जाते जाते दिया था।

उन्होंने कहा कि जब यूपीए दो कि सरकार आई तो वो भी केंद्रीय विश्वविद्यालय धर्मशाला में स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध थी लेकिन उसी समय प्रदेश में भाजपा सरकार सत्ता में आई। तब मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने अपने बेटे अनुराग को राजनितिक फायदा दिलवाने के लिए 70% केंद्रीय विश्वविद्यालय का हिस्सा देहरा में प्रस्तावित कर दिया। उन्होंने कहा कि उस समय धर्मशाला के विधायक किशन कपूर थे तो क्या उन्होंने इतना तक नहीं कहा कि केंद्रीय विश्वविद्यालय देहरा नहीं जाना चाहिए। 

जितेन्द्र शर्मा ने भाजपा पर आरोप जड़ते हुए कहा कि भाजपा ने 24 एकड़ भूमि केंद्रीय विश्वविद्यालय के नाम कर दी। भाजपा ने ऐसा इसलिए किया कि अब 2019 में लोकसभा चुनाव में यह फायदा ले सके। प्रवक्ता ने कहा कि अगर खाद्य आपूर्ति मंत्री किशन कपूर आज भी केंद्रीय विश्वविद्यालय धर्मशाला में स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है तो 350 एकड़ भूमि में से 326 एकड़ भूमि बची हुई है उसे भी जल्द से जल्द केंद्रीय विश्वविद्यालय के नाम करें। उन्होंने किशन कपूर पर आरोप जड़ते हुए कहा कि वह नहीं चाहते कि केंद्रीय विश्वविद्यालय धर्मशाला में बने क्योंकि अगर केंद्रीय विश्वविद्यालय धर्मशाला में बनती है तो उसका सारा श्रेय कांग्रेस को ही जाएगा।  

Ekta