देहरा में केंद्रीय वि.वि. परिसर निर्माण के लिए प्रयास तेज

punjabkesari.in Thursday, Aug 26, 2021 - 11:57 AM (IST)

धर्मशाला (नवीन): हिमाचल प्रदेश केंद्रीय वि.वि. के देहरा में प्रस्तावित भवन निर्माण हेतु वि.वि. ने राजस्व विभाग को जल्द से जल्द जमीन की डिमारकेशन करवाए जाने के लिए कहा है जिससे वहां पर जल्द से जल्द परिसर निर्माण आरंभ करवाया जा सके। वहीं कार्यभार ग्रहण करने के पश्चात हाल ही में कुलपति प्रो. सतप्रकाश बंसल ने 2-2 बार जदरांगल और देहरा की जमीन का निरीक्षण करने के बाद वि.वि. की ओर से 12-12 सदस्यों की टीमों का गठन किया है जिससे जदरांगल और देहरा में भवन निर्माण हेतु औपचारिकताएं जल्द से जल्द पूरी हो सकें और दोनों जगह काम जल्द शुरु हो सके। कुलपति के अनुसार दोनों समितियों ने काम करना शुरू कर दिया है। देहरा में वि.वि. को 81 हेक्टेयर वन भूमि और 34 हेक्टेयर गैर वन भूमि परिसर निर्माण हेतु मिली है।

वहीं केंद्रीय वि.वि. को जदरांगल में प्रस्तावित जमीन को लेकर वि.वि. ने स्थानीय प्रशासन से बैठक कर जियोलाजिकल सर्वे को लेकर चल रही प्रक्रिया पर बातचीत की है। जदरांगल में वि.वि. के लिए प्रस्तावित वन विभाग की जमीन के जियोलाजिकल सर्वे के लिए स्थानीय प्रशासन की ओर से जियोलाजिकल सर्वे ऑफ इंडियाए कोलकता के डायरेक्टर जनरल को पत्र भेजा है। फरवरी 2021 को केंद्रीय पर्यावरण मंत्रालय की हाई पावर कमेटी ने जदरांगल और देहरा की जमीन का निरीक्षण किया था और स्थानीय प्रशासन को रिपोर्ट सौंप दी थी जिसमें कमेटी ने यह कहा था कि स्थानीय प्रशासन को इसका जियोलाजिकल सर्वे करवाना चाहिए। कमेटी ने यह भी सिफारिश की थी कि प्रशासन केंद्रीय वि.वि. को एक साथ प्रस्तावित 280 हेक्टेयर वन भूमि का जियोलाजिकल सर्वे करवाए। गौरतलब है कि पहले केंद्रीय वि.वि. को 280 हेक्टेयर वन भूमि मिल रही थी जो बाद में 75 हेक्टेयर कर दी गई। इसीलिए कमेटी ने अपनी रिपोर्ट में यह शामिल किया था कि 280 हेक्टेयर जमीन में यहां पर एक साथ 75 हेक्टेयर वन भूमि जियोलाजिकल सर्वे में सही पाई जाएगी उसे वि.वि. के लिए चिन्हित किया जाएगा।

इसके बाद जून 2021 में उद्योग विभाग के जियोलाजिकल विंग की टीम ने जदरांगल की जमीन का निरीक्षण किया और अपनी रिपोर्ट में उक्त जमीन का जियोलाजिकल सर्वे ऑफ इंडिया से निरीक्षण करवाने की सिफारिश की थी। इसके बाद स्थानीय प्रशासन ने जियोलाजिकल सर्वे ऑफ  इंडिया कोलकता के डायरेक्टर जनरल को पत्र भेजा है। इस संबंध में वि.वि. के कुलपति प्रो. सत प्रकाश बंसल ने कहा कि देहरा में वि.वि. प्रशासन जल्द से जल्द परिसर निर्माण कार्य आरंभ करवाने के लिए प्रयासरत हैं। इसके लिए राजस्व विभाग को निशानदेही करवाने के लिए कहा गया है। वहीं जदरांगल में प्रस्तावित जमीन को लेकर जियोलाजिकल सर्वे ऑफ इंडिया कोलकता की रिपोर्ट का इंतजार है। इस संबंध में स्थानीय प्रशासन के साथ भी बातचीत की गई है। उम्मीद है कि जल्द ही क्लीरेंस मिल जाएगी।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

prashant sharma

Recommended News

Related News