बर्फानी तेंदुए के संरक्षण के लिए केंद्र ने मंजूर किया सिक्योर हिमाचल प्रोजैक्ट

Monday, Jul 30, 2018 - 09:30 AM (IST)

शिमला (देवेंद्र): हिमाचल के लाहौल और पांगी क्षेत्र में बर्फानी तेंदुए के संरक्षण के लिए केंद्र सरकार ने सिक्योर हिमाचल प्रोजैक्ट मंजूर कर दिया है। इस प्रोजैक्ट के तहत प्रदेश को 18 करोड़ रुपए की ग्रांट मिली है। तेंदुए के संरक्षण के अलावा जैव विविधता को बचाने की दिशा में भी इस प्रोजैक्ट के तहत काम किया जाएगा। राज्य में यह प्रोजैक्ट संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम के सहयोग से चलेगा। सिक्योर हिमाचल प्रोजैक्ट अक्तूबर, 2017 में केंद्रीय पर्यावरण मंत्रालय द्वारा लांच किया गया था। इस प्रोजैक्ट के तहत लाहौल और पांगी क्षेत्रों में बर्फानी तेंदुए पर अध्ययन किया जाएगा। 


इसमें देखा जाएगा कि इन इलाकों में तेंदुए के अलावा कौन-कौन से जीव-जंतु व जानवर हैं। तेंदुओं को क्या पर्याप्त मात्रा में भोजन मिल रहा है? तेंदुओं को शिकारियों से कितना खतरा है? इन क्षेत्रों में सैलानियों का कितना आना-जाना है और इसका तेंदुए के जीवन पर क्या असर पड़ रहा है? यह प्रोजैक्ट अगले 6 सालों तक लागू रहेगा। इस प्रोजैक्ट के तहत वन विभाग स्थानीय लोगों को गाइड का प्रशिक्षण प्रदान करेगा ताकि गाइड सैलानियों को विभिन्न रमणीय स्थलों तक पहुंचा सकें। बता दें कि इन क्षेत्रों में बहुत से लोग बर्फानी तेंदुए के अलावा अन्य जानवरों को देखने के लिए आते हैं। ऐसे में स्थानीय लोगों को गाइड का प्रशिक्षण देने से उन्हें स्वरोजगार के अवसर मिलेंगे।

Ekta