हिमाचल में चुनाव से पहले बढ़ गए सीमैंट के दाम, जानिए कितनी हुई बढ़ौतरी

Sunday, Apr 14, 2019 - 10:54 PM (IST)

पालमपुर (मुनीष दीक्षित): हिमाचल प्रदेश में लोकसभा चुनाव से पहले सीमैंट कंपनियों ने सीमैंट के दामों में भी बढ़ौतरी कर दी है। प्रदेश में अलग-अलग हिस्सों में यह बढ़ौतरी 10 रुपए से 15 रुपए तक हुई है। सोमवार से प्रदेश में सीमैंट के दामों में और बढ़ौतरी भी हो सकती है। ये दाम 31 मार्च के बाद बढ़े हैं। सीमैंट कंपनियों ने शुरूआती दौर में 4 रुपए की बढ़ौतरी की थी लेकिन अब बढ़ौतरी लगातार बढ़ रही है। कांगड़ा जिला में ही इन दामों में 10 से 15 रुपए तक बढ़ौतरी हो गई है।

385 रुपए में बेचा जा रहा सीमैंट का बैग

31 मार्च से पहले सभी कंपनियों के सीमैंट के 50 किलोग्राम के जो बैग 360 से 365 रुपए तक बेचे जा रहे थे, वो बैग अब 380 से 385 रुपए तक पहुंच गए हैं। कुछ स्थानों में ये दाम अचानक 20 रुपए बढ़ा दिए गए हैं। इसके अलावा रविवार रात से और दाम बढऩे की भी चर्चा है। हाल ही में उद्योग मंत्री ने सीमैंट के दाम कम करवाने का आश्वासन दिया था। इसके बावजूद प्रदेश में सीमैंट बेच रही सभी प्रमुख कंपनियों ने चुपचाप सीमैंट के दाम बढ़ा दिए हैं।

क्या बोले उद्योग मंत्री

उद्योग मंत्री विक्रम ठाकुर ने बताया कि कुछ समय पहले जो जानकारी मिली थी, उसके अनुसार 4 से 5 रुपए तक की बढ़ौतरी बताई गई थी। चूंकि अभी प्रदेश में आचार संहिता लागू है, ऐसे में अभी इस बारे कुछ बोल नहीं सकता, लेकिन इस पर आने वाले समय में कार्रवाई जरूर होगी और जो भी नियमों के अनुसार अभी हो पाएगा, वो किया जाएगा।

Vijay