यात्रियों के स्वास्थ्य से नहीं होगा खिलवाड़, अधिकृत ढाबों में लगेंगे CCTV कैमरे

punjabkesari.in Monday, Nov 25, 2019 - 11:55 AM (IST)

चंबा (ब्यूरो): परिवहन निगम द्वारा लंबी दूरी की बसों में सफर करने वाले यात्रियों के खाना खाने के लिए अधिकृत ढाबों में सी.सी.टी.वी कैमरे लगाए जाएंगे। इसके लिए परिवहन निगम प्रबंधन ने ढाबा संचालकों को आदेश जारी कर दिए हैं। यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर ये आदेश जारी किए गए हैं। परिवहन निगम द्वारा लंबी दूरी की सभी बसों के लिए जगह-जगह ढाबे अधिकृत किए गए हैं, जहां यात्री खाना खा सकते हैं। इन सभी ढाबों पर खाने के दाम तय हैं। इसके लिए बाकायदा ढाबा संचालकों को रेट लिस्ट लगाने के आदेश दिए गए हैं।

इसके बावजूद कई बार ढाबों में खाने के रेट व अन्य सुविधाओं को लेकर यात्रियों व ढाबा संचालकों के बीच कहासुनी हो जाती है। इसको देखते हुए निगम प्रबंधन ने सभी अधिकृत ढाबा संचालकों को सी.सी.टी.वी. कैमरे लगाने को कहा है ताकि इस तरह की घटना होने पर सी.सी.टी.वी. फुटेज को खंगाला जा सके। चालकों को बस अधिकृत ढाबे पर खड़ी करनी पड़ेगी। यात्री 94180-00529 नंबर पर व्हाट्सएप पर शिकायत कर सकते हैं। इस नंबर पर की गई शिकायत पर परिवहन निगम कार्रवाई करेगा। हालांकि निगम द्वारा अधिकृत कुछ ढाबों में सी.सी.टी.वी. कैमरे लगाए गए हैं। जिन ढाबों में अब तक सी.सी.टी.वी. कैमरे नहीं लगे हैं उन्हें जल्द कैमरे स्थापित करने के आदेश जारी कर दिए गए हैं।

सफाई व्यवस्था व रेट लिस्ट चैक करेंगे अधिकारी

अधिकृत ढाबों पर परिवहन निगम के अधिकारी भी समय-समय पर दबिश देंगे। इस दौरान जहां ढाबों की सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया जाएगा, वहींं शौचालय सुविधा व रेट लिस्ट भी चैक करेंगे। व्यवस्था ठीक न पाए जाने पर संबंधित ढाबा संचालकों के खिलाफ कार्रवाई का भी प्रावधान है।

शिकायत पर तुरंत कार्रवाई होगी

इसके लिए प्रदेश सरकार ने 1100 टोल फ्री नंबर शुरू किया है। इस नंबर पर शिकायत के बाद तुरंत कार्रवाई होगी।

यात्रियों की सुविधा के लिए निगम ने शुरू की व्यवस्था

परिवहन निगम प्रबंधन ने यात्रियों की सुविधा के लिए शिकायत नंबर शुरू किया है। यात्री संबंधित नंबर पर फोटो भेजकर अपनी शिकायत दर्ज करवाएं। शिकायत मिलने पर तुरंत कार्रवाई होगी, वहीं सभी अधिकृत ढाबा संचालकों को सी.सी.टी.वी. कैमरे लगाने के भी आदेश दिए हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Edited By

Simpy Khanna

Recommended News

Related News