गुड़िया मामले में CBI करेगी बड़ा खुलासा, 5 आरोपियों का होगा यह टैस्ट

Friday, Sep 01, 2017 - 10:17 PM (IST)

शिमला: कोटखाई रेप व हत्या मामले में जेल में बंद 5 आरोपियों का सी.बी.आई. नार्को टैस्ट करवाएगी। सी.बी.आई. की विशेष अदालत ने इसकी अनुमति दे दी है। पांचों आरोपियों का नार्को टैस्ट करवाने के लिए सी.बी.आई. ने कोर्ट में आवेदन दिया था। प्राप्त जानकारी के मुताबिक आरोपियों को शुक्रवार को सी.बी.आई. की विशेष अदालत में पेश किया गया, जहां से उनके नार्को टैस्ट की अनुमति मिल गई है। सी.बी.आई. अब नार्को टैस्ट की तैयारियों में जुट गई है। सी.बी.आई. नार्को टैस्ट के लिए इन्हें अब दिल्ली या अहमदाबाद लेकर जाएगी। नार्को टैस्ट के बाद सी.बी.आई. इस मामले में बड़ा खुलासा कर सकती है। हाल ही में शिमला की एक फोरैंसिक लैब से आई डी.एन.ए. रिपोर्ट में उक्त आरोपियों के डी.एन.ए. गुडिय़ा से मैच नहीं हुए हैं। इन सभी को डी.एन.ए. सैंपल में क्लीन चिट दी गई है। 

यह है मामला
बता दें कि 4 जुलाई को कोटखाई की एक 10वीं की छात्रा स्कूल से लौटते समय लापता हो गई थी और 6 जुलाई को उसकी बिना कपड़ों की लाश हलाईला जंगल में बरामद हुई थी। छात्रा की गैंगरेप के बाद हत्या कर दी गई थी। मामले में 6 आरोपी पकड़े गए थे। इनमें राजेंद्र सिंह उर्फ राजू, हलाइला गांव, सुभाष बिस्ट (42) गढ़वाल, सूरज सिंह (29) और लोकजन उर्फ छोटू (19) नेपाल और दीपक (38) पौड़ी गढ़वॉल के कोटद्वार से है। सूरज की कोटखाई थाने में 18 जुलाई की रात को हत्या कर दी गई थी। 

आई.जी. समेत 8 पुलिस वाले हैं गिरफ्तार 
हाईकोर्ट के आदेश पर 22 जुलाई को सी.बी.आई. ने इस मामले में एफ.आई.आर. दर्ज कर तफ्तीश शुरू की और केस को अपने अधीन लिया। 3 दिन पहले सी.बी.आई. ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हिमाचल पुलिस के पूर्व आई.जी. व डी.एस.पी. सहित 8 पुलिस कर्मियों को सूरज की हत्या के मामले में गिरफ्तार किया था। सी.बी.आई. को इस पूरे मामले में 6 सितम्बर को हाईकोर्ट में जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करनी है। लिहाजा सी.बी.आई. तेजी से मामले की जांच में जुटी है।