चोरों ने तोड़े घर के ताले, गहने व नकदी पर किया हाथ साफ

Tuesday, Mar 12, 2019 - 11:03 PM (IST)

गरली (रविंद्र): परागपुर के नक्की में चोरों ने ब्लॉक कार्यालय के समीप बंद मकान के ताले तोड़कर गहनों पर हाथ साफ किया है। परागपुर के नक्की में सोमवार की रात्रि चोरों ने सुषमा शर्मा (72) के मकान के ताले को तोड़कर सेंधमारी की। उनके पड़ोसी योगिंद्र प्रकाश शर्मा ने जब मंगलवार की सुबह मकान के ताले टूटे हुए देखे तो इसकी सूचना सुषमा शर्मा को दी जोकि अपने बेटों के पास चंडीगढ़ गई हुई थी। पंचायत प्रधान सुदेश कुमारी ने पुलिस को फोन कर उक्त मामले की जानकारी दी।

खुलीं पाईं गईं सभी कमरों की अलमारियां

सूचना मिलते ही देहरा पुलिस ने मौके पर पहुंच कर घटनास्थल का जायजा लिया। वहीं मकान मालिक सुषमा शर्मा भी अपने बेटे सुशील शर्मा के साथ चंडीगढ़ से पहुंची तथा पुलिस की मौजूदगी में जब घर के अंदर जाकर देखा तो 2 मंजिला मकान के सभी कमरों की अलमारियां खुली हुईं थीं और सारे कमरों में रखा सामान भी खुर्द-बुर्द किया गया था। जांच के दौरान महिला की एक डायमंड की अंगूठी, कुछ चांदी के पुराने सिक्के, नकदी के बंडल व चांदी के कुछ गहने गायब थे।

अनजान फेरी वालों को घर पर न आने दें

महिला के बेटे सुशील शर्मा ने पुलिस को उक्त मामले की रिपोर्ट लिखवा दी है। वहीं ए.एस.आई. गुरदेव सिंह ने मौके पर उपस्थित लोगों से भी आग्रह किया कि वे किसी भी अनजान फेरी वालों को अपने घर में न आने दें। डी.एस.पी. देहरा एल.एम. शर्मा ने बताया कि मकान मालिकों के बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही दोषी पुलिस गिरफ्त में होंगे।

Vijay