सावधान! हिमाचल की राजधानी में इस बीमारी ने दी दस्तक

Wednesday, Aug 09, 2017 - 01:10 AM (IST)

शिमला: सावधान! बरसात का मौसम जलजनित बीमारियों को लेकर आता है। इनमें से एक रोग है पीलिया। इस मौसम में दूषित पानी पीने से आपको पीलिया हो सकता है। अस्पताल में भी पीलिया के मरीज आने शुरू हो गए हैं। आई.जी.एम.सी. में एक मरीज हैपेटाइटस-ए का भर्ती हुआ है। हैपेटाइटस-ए पीलिया ही होता है। ऐसे में अब शहर में पीलिया गंभीर रूप धारण कर सकता है। हैपेटाइटिस-ए लिवर का रोग होता है। यह वायरस द्वारा फैलता है। यह वायरस इन्सान में तब फैलता है जब एक व्यक्ति उस भोजन और पानी का सेवन करता है, जो संक्रमित व्यक्ति के मल से दूषित हुआ होता है।

समय रहते इलाज नहीं तो घातक हो सकता है पीलिया
इस रोग का संबंध दूषित पानी, अपर्याप्त स्वच्छता प्रबंध और व्यक्तिगत स्वच्छता में कमी से होता है। यह रोग धीमी गति से ठीक होता है और यह रोग इंसान को कई सप्ताह से लेकर महीने तक रह सकता है, ऐसे में चिकित्सक की सलाह और पर्याप्त पोषक संतुलन बनाए रखने की आवश्यकता होती है। इस पर स्वास्थ्य विभाग ने शहर के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। यदि समय रहते पीलिया का इलाज न किया जाए तो यह घातक हो सकता है।